माता के जगराते में कव्वाली गाने पर बवाल, गायक जॉन अजमेरी को मंच छोड़कर जाना पड़ा
अजमेर के शास्त्री नगर इलाके में रविवार रात एक भजन संध्या के दौरान भारी हंगामा हो गया। हिंदू संगठनों के कड़े विरोध के बाद भजन गायक जॉन अजमेरी को कार्यक्रम बीच में ही छोड़कर मंच से उतरना पड़ा। विवाद की जड़ रविवार रात अलवर गेट क्षेत्र के नगरा में आयोजित एक माता के जागरण से जुड़ी है, जहां गायक ने कथित तौर पर कव्वाली गाई थी।
जानकारी के अनुसार, रविवार रात शास्त्री नगर के गणेशगढ़ मंदिर में भजन संध्या का आयोजन हो रहा था। जैसे ही जॉन अजमेरी वहां भजन गाने पहुंचे, बजरंग दल के कार्यकर्ता चेतन सैनी, घनश्याम और अन्य सहयोगियों के साथ वहां पहुंच गए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। घटना रात करीब 11 बजे की है। मामला बिगड़ता देख अन्य लोगों ने बीच-बचाव किया, लेकिन कार्यकर्ताओं के कड़े रुख के बाद गायक को वहां से जाना पड़ा। उनके जाने के बाद ही कार्यक्रम दोबारा सुचारू हो सका।
धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुँचाने का आरोप: विहिप
विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के मंत्री किशन गुर्जर ने इस मामले पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने आरोप लगाया कि जॉन अजमेरी ने माता के जगराते में कव्वाली गाकर धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाई है। गुर्जर ने कहा, "गायक अपनी कल की गलती को सही ठहराते हुए आज फिर वही दोहराना चाहता था। उसने मंच पर आते ही पुरानी बात का जिक्र किया और अपनी हरकत को जायज बताने लगा। हिंदू समाज माता के जगराते में कव्वाली बर्दाश्त नहीं करेगा।"
संगठन के पदाधिकारियों का कहना है कि भविष्य में इस तरह की गतिविधियों पर पैनी नजर रखी जाएगी ताकि धार्मिक परंपराओं की मर्यादा बनी रहे।