अवैध खनन और चारागाह भूमि से अतिक्रमण हटाने की मांग, धनोप ग्रामवासियों ने उपखंड अधिकारी को सौंपा ज्ञापन

Update: 2026-02-03 13:17 GMT

 फूलियाकलां राजेश शर्मा। फूलिया कलां उपखंड क्षेत्र के ग्राम धनोप के ग्रामीणों ने मंगलवार को नियम विरुद्ध हो रहे खनन और चारागाह भूमि पर अतिक्रमण को लेकर उपखंड अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने खारी नदी क्षेत्र में संचालित बजरी लीज की सीमा ज्ञान और नाप करवाने के साथ ही चारागाह भूमि से अवैध कब्जे हटवाने की मांग की है।

ग्रामीणों ने बताया कि ग्राम धनोप की सरहद में खारी नदी स्थित है, जिसे बजरी दोहन के लिए सरकार द्वारा लीज पर दिया गया है। इस नदी क्षेत्र में किसानों के कुएं, डोरियां और खेत आते हैं तथा खेतों तक पहुंचने के लिए भी इसी रास्ते का उपयोग किया जाता है। ऐसे में ग्रामीणों ने लीज क्षेत्र की विधिवत नाप और सीमाज्ञान करवाने की मांग की है, ताकि खेतों और जलस्रोतों को नुकसान से बचाया जा सके। साथ ही नदी में एलएनटी, डंपर और जेसीबी से बजरी दोहन पर रोक लगाने और लीज पर अस्थायी स्थगन दिलाने की मांग भी रखी गई।

इसके साथ ही ग्रामीणों ने चारागाह भूमि पर हुए अतिक्रमण का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने बताया कि ग्राम धनोप की सीमा में स्थित चारागाह भूमि के खसरा संख्या 663, 707, 708 3649, 709, 710 3618 तथा खाता संख्या 1140 की जमीन पर अवैध कब्जा कर लिया गया है। आरोप है कि मिट्टी के डोल, सीमेंट के पोल और लोहे की तार की जाली लगाकर कुछ प्रभावशाली लोगों ने चारागाह भूमि घेर ली है। यह भूमि गांव के पशुओं के चरने के लिए उपयोग में आती है, जिससे अब पशुपालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों ने प्रशासन से चारागाह भूमि का सीमाज्ञान करवाकर वहां से अवैध अतिक्रमण हटवाने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

Similar News

जहाजपुर में पारदर्शिता की नई मिसाल: थानाधिकारी ने लगाया जनहित सूचना बोर्ड, स्टाफ पर भी कसा शिकंजा