भीलवाड़ा: करोड़ों के जैन मंदिर ट्रस्ट भूमि घोटाले की जांच अब पुलिस के हवाले, SP संभालेंगे कमान

Update: 2026-02-02 20:37 GMT


भीलवाड़ा । सांगानेरी गेट स्थित उपासरा यति श्री केसरी चंद संपत्ति ट्रस्ट (शांतिनाथ जैन मंदिर) की बेशकीमती संपत्तियों को फर्जी दस्तावेजों के आधार पर खुर्द-बुर्द करने के मामले ने अब बड़ा मोड़ ले लिया है। जिला प्रशासन ने इस प्रकरण में गहरे आपराधिक षड्यंत्र को देखते हुए जांच की कमान जिला पुलिस अधीक्षक (SP) धर्मेंद्र सिंह यादव को सौंप दी है।

कलेक्टर के कड़े निर्देश: जालसाजी की होगी गहन तहकीकात

जैन समाज द्वारा दिए गए ज्ञापन को जिला कलेक्टर जसमीत सिंह संधू ने अत्यंत गंभीरता से लिया है। अतिरिक्त जिला कलेक्टर (शहर) प्रतिभा देवठिया ने बताया कि करोड़ों की संपत्ति के अवैध बेचान को देखते हुए कलेक्टर ने एसपी को पत्र लिखकर मामले की तह तक पहुंचने के निर्देश दिए हैं। अब पुलिस की विशेष टीम इस संगठित भू-माफिया गिरोह के मास्टरमाइंड की तलाश करेगी।

जांच के मुख्य बिंदु:

* 80 साल पहले मृत व्यक्ति के नाम पर फर्जीवाड़ा: श्री केसर चंद गुरु जड़ावचंद, जिनका निधन दशकों पहले हो चुका है, उनके नाम पर फर्जी आधार कार्ड, पैन कार्ड और बैंक खाता कैसे बना? पुलिस इसकी फॉरेंसिक जांच कराएगी।

* रजिस्ट्री का खेल: सुवाणा स्थित दो बीघा 04 बिस्वा बेशकीमती भूमि की रजिस्ट्री मृत व्यक्ति के नाम पर कैसे संभव हुई, इसके लिए उपपंजीयक कार्यालय से रिकॉर्ड तलब किया जाएगा।

* फरार आरोपियों की तलाश: पुलिस की रडार पर वे गवाह और जालसाज हैं जिन्होंने 'साधु' का भेष धरकर फर्जी रजिस्ट्री को अंजाम दिया। खरीदार मुन्ना मोहम्मद के बयानों की भी तस्दीक की जा रही है।

* सुरक्षित संपत्तियां और जेवरात: ट्रेजरी में रखे ट्रस्ट के करीब 40-50 किलो सोने-चांदी के जेवरात और अन्य संपत्तियों पर हुए अवैध कब्जों की भी जांच होगी।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पारस जैन ने स्पष्ट किया है कि यह एक बड़ी धोखाधड़ी है। पुलिस ने ट्रस्ट पदाधिकारियों को औपचारिक मामला दर्ज कराने को कहा है ताकि आरोपियों के खिलाफ सख्त गैर-जमानती धाराओं में कार्रवाई कर उनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित की जा सके।

भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:

समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: bhilwarahalchal@gmail.com, व्हाट्सएप: 9829041455)

विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129

संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा फोन: 7737741455.


Similar News

जहाजपुर में पारदर्शिता की नई मिसाल: थानाधिकारी ने लगाया जनहित सूचना बोर्ड, स्टाफ पर भी कसा शिकंजा