बिजौलिया-शक्करगढ़ मार्ग का होगा कायाकल्प, ₹60 करोड़ की लागत से बनेगी 7 मीटर चौड़ी सड़क
बिजौलिया | क्षेत्र के निवासियों के लिए एक बड़ी और सुखद खबर है। बिजौलिया से शक्करगढ़ मार्ग, जो लंबे समय से बदहाली का आंसू रो रहा था, अब जल्द ही एक आधुनिक और चौड़ी सड़क में तब्दील होने जा रहा है। करीब 24 किलोमीटर लंबी इस नई सड़क के निर्माण के लिए सभी जरूरी प्रशासनिक और वित्तीय स्वीकृतियां मिल चुकी हैं और माना जा रहा है कि अप्रैल माह से धरातल पर काम शुरू हो जाएगा।
करोड़ों का बजट स्वीकृत, वर्क ऑर्डर जारी:
सार्वजनिक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के सहायक अभियंता नरेंद्र धाकड़ ने बताया कि इस महत्वपूर्ण सड़क परियोजना के लिए 'सेंटर रोड इंफ्रास्ट्रक्चर फंड' (सीआरआईएफ) के तहत करीब 60 करोड़ रुपए का भारी-भरकम बजट स्वीकृत किया गया है। निर्माण कार्य के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी कर संबंधित फर्म को 'वर्क ऑर्डर' भी जारी किया जा चुका है। अप्रैल माह में मशीनरी और मैनपावर के साथ काम शुरू होने की पूरी संभावना है।
डामर और कंक्रीट का बेहतरीन तालमेल:
अभियंता धाकड़ के अनुसार, यह सड़क बिजौलिया के पास भूति से शुरू होकर साईं पिपला तक कुल 24 किलोमीटर लंबी होगी। इस पूरे पैच में से लगभग 16 किलोमीटर का हिस्सा मजबूत कंक्रीट (सीसी सड़क) से बनाया जाएगा, जो इसकी उम्र बढ़ाएगा। वहीं, शेष 8 किलोमीटर हिस्से पर डामर (ब्लैकटॉप) बिछाया जाएगा।
दुगुनी होगी चौड़ाई, दूर होगी हादसों की आशंका:
वर्तमान में इस मार्ग की सबसे बड़ी समस्या इसकी संकरी चौड़ाई है। महज 3.5 मीटर चौड़ी सड़क के कारण दो बड़े वाहनों के पास होने में पसीने छूट जाते हैं। नई सड़क को दुगुनी चौड़ाई के साथ 7 मीटर चौड़ा बनाया जाएगा। इससे न केवल यातायात सुगम होगा, बल्कि आमने-सामने की भिड़ंत और अन्य हादसों में भी भारी कमी आएगी।
मौजूदा हालत दयनीय:
फिलहाल इस मार्ग पर सफर करना किसी सजा से कम नहीं है। सड़क पूरी तरह टूट चुकी है, गिट्टी बिखर गई है और बरसात के बाद तो गहरे गड्ढे तालाब बन जाते हैं। धूल और झटकों के कारण वाहन चालक तो परेशान होते ही हैं, वाहनों का मेंटेनेंस खर्च भी बढ़ जाता है। हालत यह है कि मात्र 8 किलोमीटर की दूरी तय करने में भी घंटों लग जाते हैं।
