खजूरी सरपंच के बिगड़े बोल, मीडियाकर्मी से अभद्र व्यवहार
खजूरी (अक्षय पारीक)। खजूरी उपतहसील मुख्यालय पर जनहित के मुद्दे उठाना एक पत्रकार को भारी पड़ गया। ग्राम पंचायत खजूरी में स्वच्छता अभियान के तहत घर-घर कचरा संग्रहण की व्यवस्था ठप होने की खबर प्रकाशित करने पर सरपंच ने अपना आपा खो दिया और संवाददाता के साथ फोन पर अभद्र भाषा का प्रयोग किया ।
ग्रामीणों की शिकायत पर किया था फोन
जानकारी के अनुसार, खजूरी ग्राम पंचायत द्वारा कचरा उठाने के ट्रैक्टर को लेकर 23 मार्च और 26 मार्च को समाचार प्रकाशित किए गए थे। इसी क्रम में 27 मार्च की सुबह करीब 11:23 बजे ग्रामीण शंकर, सौरभ, रामकुमार, संजय, पंकज और नंदलाल आदि एकत्रित हुए। ग्रामीणों ने संवाददाता से आग्रह किया कि वे सरपंच से पूछें कि कचरे का ट्रैक्टर गांव में कब से सुचारू रूप से चलेगा।
ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल, थाने में रिपोर्ट दर्ज
जब संवाददाता ने जनहित में सरपंच को फोन किया, तो उन्होंने फोन उठाते ही अभद्र भाषा का प्रयोग शुरू कर दिया और पत्रकार के साथ अभद्र व्यवहार किया। सरपंच की इस अमर्यादित बातचीत का ऑडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे क्षेत्र के प्रबुद्ध जनों और पत्रकार जगत में भारी रोष है। घटना के विरोध में संवाददाता द्वारा शकरगढ़ थाने में लिखित रिपोर्ट दी गई है और उचित कार्रवाई की मांग की गई है।