शक्करगढ़ कांग्रेस मंडल में कार्यकर्ताओं का जोश, 6 फरवरी को जहाजपुर एसडीएम को सौंपेंगे ज्ञापन
शक्करगढ़। शक्करगढ़ कांग्रेस मंडल के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को विशेष बैठक आयोजित की, जिसमें विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर आगामी 6 फरवरी को बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के साथ जहाजपुर एसडीएम को ज्ञापन सौंपने का निर्णय लिया गया।
कांग्रेस नेता बाबूलाल मीना ने बताया कि शक्करगढ़ और आसपास के क्षेत्र में पिछले आठ माह से नरेगा कार्य ठप पड़े हैं, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार संकट गहराया है। इसके साथ ही क्षेत्र की अधिकांश सड़कें खस्ताहाल स्थिति में हैं, लेकिन आवश्यक मरम्मत और नई स्वीकृतियां नहीं मिल रही हैं।
उन्होंने आगे कहा कि सरकारी विद्यालयों में परीक्षाएं नजदीक हैं, लेकिन शिक्षकों की भारी कमी है। कई शिक्षकों और कर्मचारियों को राजनीतिक लाभ के लिए डेप्युटेशन पर भेजे जाने के आरोप भी लगे हैं। वहीं शक्करगढ़ और टीटोड़ा जागीर अस्पतालों से कर्मचारियों के स्थानांतरण के कारण स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हो रही हैं।
इन सभी मुद्दों को लेकर कांग्रेस मंडल 6 फरवरी को शक्करगढ़ से बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के साथ ज्ञापन सौंपेगी। इस अवसर पर कांग्रेस मंडल अध्यक्ष सत्यनारायण सेन, भेरूलाल जोशी, अशोक मंत्री, ओमप्रकाश मेघवंशी, परमेश्वर मेघवंशी, सीताराम गुर्जर, महावीर सेन, भरत सेन समेत मंडल के कई कार्यकर्ता मौजूद रहेंगे।
कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट किया कि यदि समस्याओं का समाधान जल्द नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
