जहाजपुर बस स्टैंड पर हंगामा: पुलिसकर्मी के साथ हाथापाई, आरोपी हिरासत में
भीलवाड़ा अंकुर सनाढ्य। जहाजपुर बस स्टैंड पर रविवार को उस समय भारी हंगामा खड़ा हो गया, जब आपस में उलझ रहे कुछ युवकों को शांत कराने पहुँची पुलिस टीम पर ही हमला कर दिया गया। घटना के दौरान एक युवक ने पुलिसकर्मियों के साथ न केवल बदसलूकी की, बल्कि कांस्टेबल गिर्राज के साथ हाथापाई भी की।
मिली जानकारी के अनुसार, बस स्टैंड क्षेत्र में कुछ युवक आपस में झगड़ रहे थे। सूचना मिलने पर जब पुलिस मौके पर उन्हें समझाने और शांत कराने पहुँची, तो आरोपी युवक पुलिस से ही उलझ गया। इस घटना के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और तनावपूर्ण स्थिति पैदा हो गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए युवक को हिरासत में ले लिया है। फिलहाल पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।