विधायक का अनूठा अंदाज: "बुजुर्ग की हथेली पर पेन से लिखकर दिया 'गारंटी कार्ड'
भीलवाड़ा ( हलचल)। "साहब, आश्वासन तो हर नेता देता है, लेकिन काम कोई नहीं करता..."। जब एक बुजुर्ग ने भरे मंच पर जहाजपुर विधायक गोपीचंद मीणा के सामने यह बेबाक सच रखा, तो विधायक ने बातों के बजाय सीधा और अनूठा जवाब दिया। विधायक मीणा ने अपनी जेब से पेन निकाला और बुजुर्ग के हाथ की हथेली पर ही लिख दिया कि "एक साल में पुल का निर्माण कार्य पूरा हो जाएगा।" यह दृश्य देख वहां मौजूद हर कोई हैरान रह गया।
लोकार्पण समारोह में उठा लंबित पुलिया का मुद्दा
मौका था जहाजपुर विधानसभा क्षेत्र के कांटी क्षेत्र में आयोजित एक भव्य लोकार्पण समारोह का। विधायक गोपीचंद मीणा यहाँ करोड़ों रुपए की लागत से हुए दर्जनभर विकास कार्यों का लोकार्पण करने पहुंचे थे। इसी दौरान कांटी-घेवरिया खाल पर लंबे समय से लंबित पुलिया निर्माण की मांग को लेकर बुजुर्ग रामेश्वर लाल सेन मंच पर जा पहुंचे। बुजुर्ग के चेहरे पर व्यवस्था के प्रति अविश्वास साफ झलक रहा था, जिसे विधायक ने अपनी इस 'हैंड-राइटिंग गारंटी' से भरोसे में बदल दिया।
कांग्रेस पर बरसे मीणा: "5 साल सिर्फ सेटिंग में बीत गए"
मंच से जनता को संबोधित करते हुए विधायक ने पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार पर तीखे प्रहार किए। उन्होंने कहा:
"सेटिंग की सरकार": पांच साल तक कांग्रेस सरकार सिर्फ कुर्सी बचाने और सेटिंग करने में लगी रही। कांटी-घेवरिया की पुलिया आज भी अधूरी है, क्योंकि आमजन का काम उनकी प्राथमिकता में कभी था ही नहीं।
"बिजली और हिस्ट्रीशीटर": किसानों को बिजली नहीं मिली और जब वे मांग करते थे, तो उन्हें 'लोड सेटिंग' का हवाला देकर टाल दिया जाता था। स्थानीय कांग्रेसी नेता विकास के बजाय खुद के और अपने चहेते हिस्ट्रीशीटरों के मुकदमे रफा-दफा कराने की 'सेटिंग' में व्यस्त रहे।
