सड़क सुरक्षा अभियान के तहत विद्यालयों में निबंध प्रतियोगिताएँ, बच्चों को दी गई यातायात नियमों की जानकारी
शाहपुरा भैरू लाल लक्षकार परिवहन विभाग द्वारा चलाए जा रहे सड़क सुरक्षा अभियान के अंतर्गत आज क्षेत्र के अनेक विद्यालयों में निबंध प्रतियोगिताओं का आयोजन कर विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक किया गया। प्रतियोगिता के माध्यम से बच्चों को यातायात नियमों, सुरक्षित वाहन संचालन तथा दुर्घटनाओं से बचाव के उपायों की विस्तृत जानकारी दी गई।
परिवहन अधिकारी अनिल कायथ ने जानकारी देते हुए बताया कि सड़क सुरक्षा अभियान का मुख्य उद्देश्य कम उम्र से ही बच्चों में यातायात नियमों के प्रति समझ और जिम्मेदारी विकसित करना है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी भविष्य के चालक हैं, यदि उन्हें आज नियमों का सही ज्ञान दिया जाए तो सड़क दुर्घटनाओं में उल्लेखनीय कमी लाई जा सकती है।
निबंध प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों ने हेलमेट व सीट बेल्ट के उपयोग, गति सीमा का पालन, पैदल यात्रियों की सुरक्षा, मोबाइल फोन का प्रयोग न करने जैसे विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत किए। शिक्षकों ने भी बच्चों को रोजमर्रा की जिंदगी में सड़क सुरक्षा नियम अपनाने के लिए प्रेरित किया।
परिवहन विभाग द्वारा संचालित यह अभियान जन-जागरूकता की दिशा में एक सार्थक पहल है, जिससे समाज में सुरक्षित यातायात संस्कृति को मजबूती मिल रही है।