होली-धुलंडी पर शांति व्यवस्था हेतु सीएलजी बैठकः थाना इंचार्ज ने त्योहार सौहार्द से मनाने का का किया आह्वान

Update: 2026-03-02 12:56 GMT

फूलियाकलां राजेश शर्मा। फूलियाकलां में होली और धुलंडी पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से सोमवार को सीएलजी सदस्यों के साथ थाना परिसर में बैठक आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता थाना अधिकारी भवानी सिंह शेखावत (आरपीएस-पी) ने की। उन्होंने आमजन से अपील की कि रंगों के इस पर्व को सादगी, भाईचारे और आपसी सद्भाव के साथ मनाएं। थाना अधिकारी ने स्पष्ट किया कि त्योहार के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की अशांति या अव्यवस्था बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में होली और धुलंडी के लिए विशेष गश्त, संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी और सोशल मीडिया पर अफवाहों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए गए। उन्होंने चेतावनी दी कि सोशल मीडिया पर भ्रामक या आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। सीएलजी सदस्यों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने क्षेत्र में शांति और सौहार्द बनाए रखने में सक्रिय भूमिका निभाने की प्रतिबद्धता दोहराई। बैठक में सीएलजी सदस्यों के अलावा आसपास के गणमान्य नागरिक भी उपस्थित थे।

Similar News