आंगनबाड़ी पाठशाला-4 के बच्चों के खिले चेहरे, बैग और पानी की बोतलें पाकर झूम उठे नौनिहाल
फूलियाकलां राजेश शर्मा।फूलियाकलां उपखंड क्षेत्र के धनोप स्थित आंगनबाड़ी (नंद घर) केंद्र-4 पर शुक्रवार को वेदांता ग्रुप अनिल अग्रवाल फाउंडेशन द्वारा संचालित अर्पण सेवा संस्थान की मदद से शाला पूर्व शिक्षा प्राप्त कर रहे 3-6 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को स्कूल बैग और पानी की बोतलें वितरित की गईं। इस कार्यक्रम का आयोजन वेदांता ग्रुप, अर्पण सेवा संस्थान और अनिल अग्रवाल फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। अतिथियों ने बच्चों को यह सामग्री वितरित करते हुए उन्हें नियमित रूप से आंगनबाड़ी केंद्र आने के लिए प्रेरित किया। इसका उद्देश्य बच्चों को प्रारंभिक शिक्षा से जोड़ना और उनकी उपस्थिति सुनिश्चित करना है। इस अवसर पर अर्पण सेवा संस्थान के क्लस्टर सुपरवाइजर गौतम कुमार छिपा ने कहा कि बच्चों को नियमित रूप से आंगनबाड़ी भेजने से उन्हें प्रारंभिक शिक्षा के साथ-साथ सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ भी मिल सकता है। छिपा ने पोषण, स्वास्थ्य जांच और पूर्व प्राथमिक शिक्षा के महत्व पर भी जोर दिया। कार्यक्रम में वार्ड पंच सोनू माली, समाजसेवी मदनलाल पंडा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ममता शर्मा, सहायिका अल्पना शर्मा सहित केंद्र से जुड़ी सभी महिलाएं और अभिभावक उपस्थित रहे। सभी ने इस पहल की सराहना की और कहा कि ऐसे कार्यक्रम बच्चों में शिक्षा के प्रति रुचि बढ़ाते हैं तथा अभिभावकों में जागरूकता का विस्तार करते हैं।