मतदाता जागरूकता अभियान में उत्कृष्ट कार्य पर ईएलसी क्लब सम्मानित, विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन
शाहपुरा (भैरू लाल लक्षकार)। स्वामी विवेकानंद राजकीय मॉडल स्कूल शाहपुरा के निर्वाचन साक्षरता क्लब द्वारा मतदाता जागरूकता अभियान के अंतर्गत विद्यालय परिसर में विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। मीडिया प्रभारी डॉ. परमेश्वर प्रसाद कुमावत ने बताया कि 25 जनवरी को राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर जिले में सर्वश्रेष्ठ कार्य करने पर जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा विद्यालय के ईएलसी क्लब को प्रमाण पत्र एवं दस हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान कर सम्मानित किया गया।
सम्मान प्राप्ति के उपरांत विद्यालय परिसर में साइकिल रैली, मतदाता जागरूकता रैली, मेहंदी, रंगोली, कहानी लेखन, नारा लेखन, पोस्टर निर्माण एवं नुक्कड़ नाटक जैसी गतिविधियों का आयोजन किया गया। इन प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया।
विद्यालय में आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह शाहपुरा उपखंड अधिकारी सुनील कुमार मीणा के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ। इस अवसर पर उपखंड अधिकारी ने कहा कि भीलवाड़ा जिले में स्वीप कार्यक्रम की बात आते ही शाहपुरा का नाम लिया जाता है। उन्होंने विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा मतदाता जागरूकता के लिए किए गए प्रयासों की सराहना की।
प्राचार्य ईश्वर लाल मीणा ने ईएलसी क्लब की गतिविधियों की प्रशंसा करते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम शत प्रतिशत मतदान के लक्ष्य को प्राप्त करने में सहायक सिद्ध होते हैं। कार्यक्रम में ईएलसी प्रभारी डॉ. परमेश्वर प्रसाद कुमावत, क्लब चेयरमैन आयुषी गुर्जर, वाइस चेयरमैन श्याम सुंदर जाट एवं अन्य सदस्यों को मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस दौरान विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने वोट फॉर नेशन की मानव श्रृंखला बनाकर मतदाता जागरूकता का संदेश दिया। विभिन्न प्रतियोगिताओं के परिणामों की घोषणा गतिविधि प्रभारी ललित धाकड़ द्वारा की गई। कार्यक्रम में शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं स्टाफ सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों को किया गया सम्मानित
मॉडल स्कूल के निर्वाचन साक्षरता क्लब द्वारा आयोजित प्रतियोगिताओं में नारा लेखन में रमण कुमावत प्रथम, अस्मिता नैनावा द्वितीय एवं जुनैद खान तृतीय रहे। पोस्टर प्रतियोगिता में गुंजन आसवानी प्रथम, आराध्या राणावत द्वितीय तथा लक्षिता माली और गुंजन मीना तृतीय स्थान पर रही।
रंगोली प्रतियोगिता में राधिका माहेश्वरी एवं वैष्णवी पोरवाल प्रथम, चारवी बारहठ द्वितीय तथा अर्सीन, देवांसी, अनुष्का, वंशिका और अलजोया तृतीय रहीं। मेहंदी प्रतियोगिता के सीनियर वर्ग में साक्षी जैन प्रथम, आयुषी बेरवा द्वितीय एवं दीक्षिता सेन तृतीय रहीं। कहानी प्रतियोगिता में श्रेया कुमावत प्रथम, शौर्य चौहान द्वितीय एवं रमण कुमावत तृतीय रहे।
मेहंदी प्रतियोगिता के जूनियर वर्ग में प्रिया रेगर प्रथम एवं तमन्ना खटीक द्वितीय रहीं। मतदाता जागरूकता पर आधारित लघु नाटिका में चारवी बारहठ, श्रेया कुमावत, अनामिका कंवर, श्रेयल भाटी, मुस्कान नायक, अर्पिता शर्मा एवं कीर्ति सिंह ने प्रभावशाली प्रस्तुति दी। सभी प्रतिभागियों को उपखंड अधिकारी द्वारा मोमेंटो भेंट कर सम्मानित किया गया।
