भगवान परशुराम स्मारक पर हुआ प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव, आज निकलेगी भव्य कलश यात्रा

By :  vijay
Update: 2025-10-04 18:46 GMT


शाहपुरा- मूलचंद पेसवानी

नगर पालिका शाहपुरा, विप्र सेना एवं सर्व ब्राह्मण समाज के संयुक्त तत्वावधान में भगवान परशुराम स्मारक पर आयोजित मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का दूसरा दिन धार्मिक उत्साह और भक्ति भाव से परिपूर्ण रहा। शनिवार को सैकड़ों समाजबंधुओं की उपस्थिति में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान परशुराम जी की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा विधिवत संपन्न हुई।

सुबह शुभ मुहूर्त में यज्ञ मंडप में ब्राह्मण आचार्यों द्वारा हवन एवं पूजा-अर्चना का आयोजन किया गया। समाज के गणमान्यजनों और महिलाओं ने हवन में आहुतियां देकर धर्म और संस्कार की परंपरा को आगे बढ़ाया। इसके पश्चात सायं 4 बजे भगवान परशुराम जी की नवस्थापित मूर्ति का सहस्र जलधारा अभिषेक किया गया।

समाज बंधुओं ने बड़े ही उत्साह और भक्ति के साथ भगवान परशुराम का दूध, दही, घी, शहद और शक्कर से अभिषेक किया। अभिषेक के दौरान परशुराम जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय बन गया। इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने एक-दूसरे को प्रसाद वितरण किया तथा आयोजन स्थल पर उपस्थित बच्चों और महिलाओं ने भी इस अनुष्ठान में भागीदारी निभाई।

महोत्सव स्थल पर नगर पालिका के सहयोग से भव्य सजावट की गई थी। भगवान परशुराम की मूर्ति पर पुष्पों की वर्षा की गई और पूरे परिसर को झालरों, केसरिया ध्वजों और रंग-बिरंगी रोशनियों से सजाया गया। इस आयोजन को लेकर ब्राह्मण समाज में भारी उत्साह देखा गया।

विप्र सेना एवं सर्व ब्राह्मण समाज के पदाधिकारियों ने बताया कि इस भव्य प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का मुख्य उद्देश्य समाज में एकता, संस्कार और धर्म के प्रति जागरूकता फैलाना है। कार्यक्रम में उपस्थित वरिष्ठजनों ने कहा कि भगवान परशुराम केवल ब्राह्मण समाज के ही नहीं, बल्कि पूरे समाज के आदर्श हैं जिन्होंने अन्याय के विरुद्ध सदैव संघर्ष किया।

आयोजन समिति के अनुसार महोत्सव का मुख्य आकर्षण रविवार, 5 अक्टूबर को आयोजित होने वाली भव्य कलश यात्रा होगी। यह शोभायात्रा प्रातः 9.15 बजे बालाजी की छतरी से प्रारंभ होगी। यात्रा मुख्य मार्गों कृ सदर बाजार, त्रिमूर्ति चैराहा, कोठी रोड, भाणा गणेश रोड होते हुए मुख्य डाकघर के पास स्थित परशुराम सर्किल पर पहुंचकर संपन्न होगी।

Similar News