बनेड़ा में रामनवमी की धूम: शोभायात्रा और कलश यात्रा से राममय हुआ कस्बा
बनेड़ा (केके भण्डारी)। प्रभु श्री राम के जन्मोत्सव रामनवमी के पावन अवसर पर समूचा बनेड़ा कस्बा भक्ति के रंग में सराबोर नजर आया। कस्बे में गुरुवार शाम और शुक्रवार सुबह आयोजित भव्य कार्यक्रमों ने वातावरण को पूरी तरह राममय कर दिया।
बजरंग दल और विहिप की भव्य शोभायात्रा
सांवरमल तेली ने बताया कि गुरुवार शाम को विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के तत्वावधान में नृसिंहद्वारा मंदिर से एक विशाल शोभायात्रा निकाली गई। आकर्षक श्रृंगार से सजे ठाकुर जी के बेवान के साथ शुरू हुई यह यात्रा बैंड-बाजे, डीजे और रथ के साथ चोखी बावड़ी, नाथ कुई, पुराना अस्पताल चौक, नज़र बाग, सदर बाजार और अजमेरी गेट होते हुए पुनः मंदिर पहुंची। 'जय श्री राम' के उद्घोष और भगवा पताकाओं के बीच भक्तों ने गुलाल-अबीर उड़ाकर उत्सव मनाया।
खटीक समाज द्वारा 101 कलशों की मंगल यात्रा
शुक्रवार सुबह खटीक समाज द्वारा सीताराम मंदिर से भव्य कलश यात्रा का आयोजन किया गया। जगदीश खटीक के अनुसार, मातृशक्ति द्वारा मंगल गीतों के साथ 101 कलश धारण कर घाटी स्थित मंदिर से यात्रा शुरू की गई। बेवान के साथ निकली यह यात्रा पुराने बस स्टैंड तक पहुंची और पूजा-अर्चना के बाद पुनः मंदिर पर संपन्न हुई। इस दौरान समाज के वरिष्ठ जनों और युवाओं की भारी उपस्थिति रही। कार्यक्रम के समापन पर सामूहिक भोज का भी आयोजन किया गया।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
दोनों ही आयोजनों के दौरान शांति एवं व्यवस्था बनाए रखने के लिए बनेड़ा थाना अधिकारी बछराज चौधरी के सुपरविजन में पुलिस जाब्ता पूरी मुस्तैदी के साथ तैनात रहा।