डाबला में कल आयोजित होगा निःशुल्क नेत्र चिकित्सा एवं मोतियाबिंद जांच शिविर

Update: 2026-03-21 10:27 GMT

बनेड़ा (के.के. भंडारी)। क्षेत्र के डाबला ग्राम में आमजन को सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से रविवार, 22 मार्च 2026 को एक विशाल निःशुल्क नेत्र चिकित्सा शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर गुलाबपुरा रोड स्थित छोटा बस स्टैंड के पास राधे पब्लिक स्कूल परिसर में आयोजित होगा, जिसका समय प्रातः 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक निर्धारित किया गया है।

गोमाबाई नेत्रालय और ग्राम पंचायत का संयुक्त प्रयास

यह पुनीत कार्य गोमाबाई नेत्रालय, भीलवाड़ा द्वारा जिला स्वास्थ्य समिति के सहयोग एवं ग्राम पंचायत डाबला के सौजन्य से किया जा रहा है। इस आयोजन में समाजसेवी हेमराज गड़वाल का विशेष सहयोग प्राप्त है। शिविर का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में आंखों की बीमारियों के प्रति जागरूकता फैलाना और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग को बेहतर उपचार प्रदान करना है।

इन सुविधाओं का मिलेगा लाभ

शिविर के दौरान विशेषज्ञों द्वारा आंखों की विभिन्न बीमारियों जैसे नजर की कमजोरी, चश्मा जांच, कालापानी और मोतियाबिंद की निःशुल्क जांच की जाएगी। जांच के उपरांत जिन मरीजों में मोतियाबिंद पाया जाएगा, उनके ऑपरेशन (लेंस प्रत्यारोपण सहित) गोमाबाई नेत्रालय, भीलवाड़ा में आगामी निर्धारित तिथियों पर पूरी तरह निःशुल्क किए जाएंगे।

मरीजों के लिए विशेष व्यवस्थाएं

निःशुल्क परिवहन: ऑपरेशन के लिए चयनित मरीजों को भीलवाड़ा लाने और ले जाने की व्यवस्था आयोजकों द्वारा निःशुल्क की जाएगी।

दवा एवं चश्मा: शिविर स्थल पर ही मरीजों को आवश्यकतानुसार दवाइयां और नजदीक के चश्मे भी मुफ्त वितरित किए जाएंगे।

अनिवार्य दस्तावेज: आयोजन समिति ने अपील की है कि शिविर में आने वाले सभी लाभार्थी अपना आधार कार्ड और मोबाइल नंबर साथ अवश्य लाएं ताकि पंजीकरण की प्रक्रिया सुचारू रूप से पूर्ण हो सके।

Similar News