बनेड़ा में नगर पालिका का चला पीला पंजा, अतिक्रमण हटने से निखरा पथवारी चौराहा और गुलाबपुरा रोड
बनेड़ा (हेमराज तेली) नगर पालिका प्रशासन द्वारा शहर को सुव्यवस्थित और सुंदर बनाने के उद्देश्य से गुरुवार को गुलाबपुरा रोड, पथवारी चौराहा और पुराने बस स्टैंड क्षेत्र में सघन अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। पालिका के पीले पंजे (जेसीबी) की कार्रवाई से देखते ही देखते सड़कें और चौराहे चौड़े नजर आने लगे और क्षेत्र की रंगत निखर उठी। कार्रवाई के दौरान नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी प्रकाश चंद तेली और कनिष्ठ सहायक किशन लाल खटीक के नेतृत्व में पालिका की टीम ने अवैध कब्जों को ढहाया। इस दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए बनेड़ा थाना पुलिस का भारी जाब्ता भी मौजूद रहा। अचानक हुई इस कार्रवाई से सड़क किनारे अवैध निर्माण करने वाले दुकानदारों में हड़कंप मच गया। कार्रवाई को देखने के लिए स्थानीय नागरिकों की भारी भीड़ जमा हो गई। नगर पालिका की टीम के जाते ही नजारा फिर से पहले जैसा होने लगा। अतिक्रमण हटाए जाने के कुछ देर बाद ही हाथ ठेला संचालकों ने पुनः अपने-अपने स्थानों पर कब्जा जमा लिया और सामान बेचना शुरू कर दिया। इससे अभियान की सार्थकता पर सवालिया निशान लग रहे हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए व्यापार मंडल के अध्यक्ष अशोक न्याति ने अधिशासी अधिकारी प्रकाश चंद तेली से मुलाकात की। न्याति ने आग्रह किया कि हाथ ठेला लगाकर रोजी-रोटी कमाने वाले गरीबों के लिए एक निश्चित स्थान (वेंडिंग जोन) चिह्नित किया जाए। उन्होंने कहा कि यदि इन वेंडर्स को व्यवस्थित जगह उपलब्ध कराई जाती है, तो शहर में बार-बार लगने वाले जाम और अतिक्रमण की समस्या का स्थाई समाधान हो सकेगा।