विधायक डॉ बैरवा ने क्षेत्र में अवैध मेसेनरी स्टोन खनन का मामला विधानसभा में उठाया

Update: 2026-02-19 06:02 GMT

बनेड़ा (( KK Bhandari )) डॉ. लालाराम बैरवा, विधायक शाहपुरा-बनेड़ा ने राजस्थान विधानसभा में नियम 295 के तहत विशेष उल्लेख प्रस्ताव के माध्यम से विधानसभा क्षेत्र में हो रहे अवैध मेसेनरी स्टोन खनन का गंभीर मुद्दा उठाया।

विधायक डॉ. बैरवा ने सदन को अवगत कराया कि विधानसभा क्षेत्र शाहपुरा-बनेड़ा अंतर्गत उपखंड बनेड़ा के ग्राम लापिया, बरण, सुल्तानगढ़, चमनपुरा, रनिंगपुरा, कंकोलिया तथा उपखंड शाहपुरा के ग्राम खामोर एवं बहका खेड़ा सहित आसपास की पहाड़ियों में सरकार द्वारा स्वीकृत लीज क्षेत्र के अतिरिक्त बड़े पैमाने पर अवैध खनन किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि कुछ लीज धारक निर्धारित सीमा से अधिक क्षेत्र में खनन कर रहे हैं तथा भू-माफियाओं द्वारा भी अवैध रूप से मेसेनरी स्टोन/पत्थरों का उत्खनन किया जा रहा है। इससे राज्य सरकार को भारी राजस्व हानि हो रही है तथा क्षेत्र की भूमि एवं पहाड़ियों का अनियंत्रित दोहन किया जा रहा है।

विधायक ने सरकार से मांग की कि:

• अवैध खनन पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाई जाए।

• संबंधित भू-माफियाओं एवं दोषियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।

• सरकार को हुए राजस्व नुकसान की वसूली दोषियों से की जाए।

• क्षेत्र की पहाड़ियों एवं भूमि के संरक्षण हेतु ठोस कदम उठाए जाएं।

डॉ. बैरवा ने कहा कि अवैध खनन के कारण क्षेत्रवासियों में भारी रोष व्याप्त है और पर्यावरण को भी गंभीर नुकसान पहुंच रहा है। उन्होंने सरकार से इस मामले में शीघ्र हस्तक्षेप करने की मांग की।

Similar News