बनेड़ा के पथवारी चौराहे पर बेकाबू ट्रेलर का कहर, कई वाहन क्षतिग्रस्त

Update: 2026-02-21 16:08 GMT


बनेड़ा। कस्बे के व्यस्ततम पथवारी चौराहे पर शनिवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक तेज रफ्तार ट्रेलर अचानक अनियंत्रित हो गया। ट्रेलर की चपेट में आने से सड़क किनारे खड़े और गुजर रहे तीन से चार वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। राहत की बात यह रही कि इस बड़े हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई और लोग बाल-बाल बच गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रेलर तेज गति से चौराहे की ओर आ रहा था। जैसे ही वह पथवारी चौराहे के पास पहुंचा, चालक वाहन पर संतुलन खो बैठा और ट्रेलर वहां खड़े वाहनों से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहनों के परखच्चे उड़ गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई।

हादसे के तुरंत बाद चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ को हटाकर स्थिति को नियंत्रण में लिया। क्रेन की सहायता से क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात को सुचारु किया गया।

पुलिस के अनुसार चालक की तलाश जारी है। आसपास की दुकानों और मार्गों पर लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि फरार चालक की पहचान कर उसे शीघ्र गिरफ्तार किया जा सके।

Similar News