बनेड़ा में बिखरेगी भक्ति की छटा: भगवान चारभुजा नाथ का भव्य फूलडोल महोत्सव कल

Update: 2026-03-18 08:28 GMT

बनेड़ा (केके भण्डारी)। कस्बे में आस्था और उल्लास का संगम होने जा रहा है। हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी आराध्य देव भगवान श्री चारभुजा नाथ का विशाल फूलडोल महोत्सव बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। आयोजन को लेकर नगरवासियों में खासा उत्साह है और तैयारियां अंतिम चरण में हैं।

फूलडोल अमावस्या के पावन अवसर पर 19 मार्च 2026 (गुरुवार) शाम 4:15 बजे भगवान चारभुजा नाथ की भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। महोत्सव के तहत ठाकुर जी को आकर्षक व नयनाभिराम रूप से सुसज्जित बेवाण में विराजमान किया जाएगा। ढोल-नगाड़ों और बैंड-बाजों की मधुर स्वर लहरियों के बीच भगवान नगर भ्रमण पर निकलेंगे।

शोभायात्रा के दौरान विभिन्न भक्त मंडलियों द्वारा भक्ति रस से सराबोर भजनों की प्रस्तुतियां दी जाएंगी, जिससे संपूर्ण वातावरण धर्ममय हो उठेगा। जगह-जगह भगवान की आरती उतारकर पुष्प वर्षा के साथ स्वागत किया जाएगा। रात्रि भर नगर भ्रमण के पश्चात अगले दिन मंगल बेला में मंदिर परिसर में विशेष महाआरती का आयोजन होगा, जिसके बाद भगवान पुनः अपने निज धाम में विराजमान होंगे।

Tags:    

Similar News