तन-मन से सेवा करने वाला ही सच्चा समाजसेवी, बनेड़ा के दिनेश बने प्रेरणा स्रोत

Update: 2026-03-13 09:57 GMT

बनेड़ा (( KK Bhandari )) समाज सेवा के लिए केवल धन ही जरूरी नहीं होता, यदि किसी व्यक्ति में सेवा का जज्बा और समर्पण हो तो वह अपने तन और मन से भी समाज के लिए बड़ी मिसाल बन सकता है। बनेड़ा (माताजी खेड़ा) निवासी दिनेश गिरी ने ऐसी ही प्रेरणादायी मिसाल पेश की है।

यह बात जिले के वयोवृद्ध 80 वर्षीय प्रख्यात समाजसेवी एवं भामाशाह, रिटायर्ड इंजीनियर शंभूलाल जोशी ने कही। उन्होंने बताया कि बनेड़ा कस्बे में उनके द्वारा गोद ली गई आंगनबाड़ी के साथ ही राजकीय चिकित्सालय, दोनों शमशान घाट तथा पुस्तकालय सहित कई स्थानों की साफ-सफाई, देखरेख और व्यवस्था में दिनेश गिरी कंधे से कंधा मिलाकर सक्रिय रूप से सहयोग करता है।

जोशी ने कहा कि वे कई वर्षों से दिनेश गिरी की समर्पित सेवाओं को देख रहे हैं। उन्हें जो भी कार्य सौंपा जाता है, उसे दिनेश पूरी लगन, निष्ठा और समर्पण के साथ पूरा करता है। उनके अनुसार सेवा का ऐसा भाव विरले लोगों में ही देखने को मिलता है।

दिनेश गिरी अपनी आजीविका के लिए एक निजी अस्पताल में रात्रिकालीन शिफ्ट में कार्य करते हैं, जबकि दिन के समय समाज सेवा के कार्यों में लगे रहते हैं। उनकी यह निस्वार्थ सेवा समाज के लिए प्रेरणादायी है।

गौरतलब है कि मूलतः बनेड़ा निवासी रिटायर्ड इंजीनियर शंभूलाल जोशी वर्तमान में भीलवाड़ा में निवास करते हुए तन, मन और धन से समाज सेवा में समर्पित हैं। उन्होंने भीलवाड़ा के महात्मा गांधी चिकित्सालय में एक्स-रे एवं सोनोग्राफी विभाग को गोद लिया हुआ है। इसके अलावा आयुर्वेद-आयुष चिकित्सालय और मूक-बधिर विद्यालय के विद्यार्थियों के सहयोग में भी वे सक्रिय रहते हैं।

उम्र के इस पड़ाव में भी जोशी अपने दैनिक जीवन का अधिकांश समय समाज सेवा को समर्पित करते हुए अपने मूल गांव बनेड़ा में चिकित्सालय, शमशान घाट, आंगनबाड़ी, पुस्तकालय, स्कूलों तथा धार्मिक-सामाजिक कार्यक्रमों में लगातार योगदान दे रहे हैं।

Similar News