एशियन लेक्रोज गेम्स 2026 की तैयारियों में जुटी भारतीय टीम, आगरा में चयन स्पर्धा एवं प्रशिक्षण शिविर जारी

Update: 2026-03-30 17:30 GMT

 


उदयपुर/ आगरा। चीन के चेंगडू में 21 से 25 अप्रैल 2026 तक आयोजित होने वाले एशियन लेक्रोज गेम्स 2026-27 को ध्यान में रखते हुए भारतीय लेक्रोज टीम ने अपनी तैयारियों को तेज़ कर दिया है। इसी क्रम में भारतीय टीम के चयन हेतु आगरा में चयन स्पर्धा एवं प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें देशभर के प्रतिभाशाली खिलाड़ी भाग ले रहे हैं।

इस शिविर में भारत के विभिन्न राज्यों से राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं एवं फेडरेशन कप में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सर्वश्रेष्ठ महिला एवं पुरुष खिलाड़ियों को आमंत्रित किया गया है। सभी खिलाड़ी पूरी मेहनत और अनुशासन के साथ प्रशिक्षण ले रहे हैं, ताकि आगामी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में देश का नाम रोशन किया जा सके।

खिलाड़ियों को एकजुट कर मजबूत टीम तैयार करने की जिम्मेदारी लेक्रोज फेडरेशन ऑफ इंडिया द्वारा अनुभवी प्रशिक्षकों नीरज बत्रा, शकील खान एवं राजपाल रेडु को सौंपी गई है। ये प्रशिक्षक खिलाड़ियों की तकनीकी क्षमता, फिटनेस और टीमवर्क को बेहतर बनाने पर विशेष ध्यान दे रहे हैं।

वहीं फेडरेशन के सीईओ तौसीफ लारी के मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश लेक्रोज संघ के अध्यक्ष विनोद बंसल सहित लेक्रोज एसोसिएशन ऑफ इंडिया के पदाधिकारी—इमरान लारी, सौरव बेताल, शहजाद खान, राजेश शर्मा एवं देवव्रत चौधरी—नियमित रूप से शिविर का निरीक्षण कर रहे हैं और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन कर रहे हैं।

शिविर के दौरान खिलाड़ियों में जबरदस्त जोश और प्रतिस्पर्धा देखने को मिल रही है। चयन स्पर्धा के माध्यम से बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का चयन कर एक सशक्त भारतीय टीम तैयार की जाएगी, जो एशियन लेक्रोज गेम्स में देश का प्रतिनिधित्व करेगी।

भारतीय टीम का लक्ष्य इस बार एशियन स्तर पर शानदार प्रदर्शन कर पदक हासिल करना है, जिसके लिए खिलाड़ी दिन-रात मेहनत कर रहे हैं।

Similar News