दो मंजिला यार्न गोदाम में भीषण आग, मचा हड़कंप, तीन दमकल पहुंची मौके पर

Update: 2025-10-18 18:32 GMT

भीलवाड़ा हलचल न्यूज़। जवाहर नगर में शनिवार रात दो मंजिला यार्न गोदाम में भीषण आग लग गई। इसके चलते आसपास के क्षेत्र में रहने वाले लोगों में हड़कंप मच गया। दमकल की तीन गाड़ियां मौके पर आग बुझाने में जुटी है। आग के कारण अभी सामने नहीं आ पाए हैं।

प्रताप नगर थाना पुलिस के अनुसार बापू नगर निवासी विष्णु त्रिपाठी का यह गोदाम बताया जा रहा है। दो मंजिला इस गोदाम को त्रिपाठी शनिवार शाम लॉक करके घर चले गए। इसके बाद रात करीब 10:30 बजे इस गोदाम में अचानक आग लग गई जो देखते ही देखते भीषण रूप ले चुकी थी। क्षेत्रीय लोगों को गोदाम में आग की भनक लगी तो उन्होंने गोदाम मालिक के साथ ही प्रताप नगर थाना पुलिस को सूचना दी। प्रताप नगर थाना प्रभारी और हेड कांस्टेबल चांद सिंह पुलिस जाब्ता के साथ मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। उधर, एक के बाद एक करीब तीन दमकलें नगर परिषद और पटेल नगर फायर स्टेशन से मौके पर पहुंची। इन दमकल वाहनों की मदद से आग पर काबू पाने का प्रयास किया जा रहा है। बताया गया है कि दो मंजिला यह गोदाम यार्न से भरा हुआ है। धागे में लगी आग रह कर भभक रही है। वहीं दूसरी ओर गोदाम के आसपास रहने वाले लोगों में हड़कंप मचा हुआ है। मौके पर बड़ी संख्या में लोग जुटे हुए हैं। फिलहाल आग पर काबू नहीं पाया जा सका। अभी यह पता नहीं चल पाया कि आग किन कारणों के चलते लगी।

Similar News