भीलवाड़ा के 6 बदमाशों ने चित्तौड़गढ़ में युवक की आंखों में मिर्ची झोंक किया किडनैप, पुलिस ने डेढ़ घंटे में छुड़ाया

Update: 2026-02-11 17:18 GMT


भीलवाड़ा। चित्तौड़गढ़ शहर के न्यू क्लॉथ मार्केट में मंगलवार शाम फिल्मी अंदाज में हुई किडनैपिंग की वारदात से हड़कंप मच गया। एक मोबाइल की दुकान पर आए युवक की आंखों में मिर्ची डालकर आधा दर्जन बदमाशों ने उसका अपहरण कर लिया। हालांकि, चित्तौड़गढ़ पुलिस की तत्परता ने भीलवाड़ा के रहने वाले इन सभी 6 बदमाशों के मंसूबों पर पानी फेर दिया और महज डेढ़ घंटे की नाकाबंदी के बाद युवक को सकुशल मुक्त करा लिया।

भीलवाड़ा के आरोपियों ने रची थी साजिश

पुलिस ने इस मामले में भीलवाड़ा निवासी 6 आरोपियों को डिटेन किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान इस प्रकार हुई है:

रतन माली, मनीष माली, चेतन माली, आशीष सुथार, शंभुलाल बलाई और रमेश चंद्र बलाई (सभी निवासी भीलवाड़ा)। पुलिस आरोपियों को कोतवाली थाने लाकर पूछताछ कर रही है कि वारदात के पीछे और कौन-कौन शामिल है।

आंखों में मिर्ची डाली और चाकू की नोक पर ले भागे

एडिशनल एसपी सरिता सिंह ने बताया कि बोरदा निवासी कालू माली बाजार में एक मोबाइल दुकान पर टेंपर ग्लास लगवाने आया था। तभी भीलवाड़ा नंबर की एक स्कॉर्पियो आकर रुकी। गाड़ी से उतरे बदमाशों ने कालू की आंखों में मिर्ची झोंक दी और चाकू दिखाकर धमकाते हुए उसे जबरन गाड़ी में डालकर बूंदी रोड की ओर फरार हो गए। संघर्ष के दौरान युवक चाकू लगने से घायल भी हुआ है।

5 थानों की नाकाबंदी और डेढ़ घंटे का 'ऑपरेशन रेस्क्यू'

वारदात की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस और एडिशनल एसपी मौके पर पहुंचे। सीसीटीवी फुटेज में भीलवाड़ा नंबर की स्कॉर्पियो दिखने पर तुरंत बस्सी, गंगरार, साडास और पारसोली थानों को अलर्ट कर नाकाबंदी कराई गई। पुलिस की सक्रियता का नतीजा रहा कि गंगरार के पास बदमाशों को घेर लिया गया और कालू माली को सुरक्षित छुड़ा लिया गया। घायल युवक का अस्पताल में प्राथमिक उपचार कराया गया है।

पुरानी रंजिश में दिया वारदात को अंजाम

शुरुआती जांच में सामने आया है कि करीब एक महीने पहले कालू माली और मुख्य आरोपी भीलवाड़ा निवासी रतन माली के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसी पुरानी रंजिश का बदला लेने के लिए रतन ने अपने साथियों के साथ मिलकर इस किडनैपिंग का प्लान बनाया था।

भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें: समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: bhilwarahalchal@gmail.com, व्हाट्सएप: 9829041455) विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129 संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा। फोन: 7737741455।

Similar News