पंचायत चुनाव की तैयारी तेज, वार्ड निर्धारण का फार्मूला कलेक्टरों को भेजा

Update: 2025-12-21 03:24 GMT



राज्य में पंचायत चुनाव को लेकर पंचायती राज विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। विभाग ने 14 हजार से अधिक ग्राम पंचायतों, 450 पंचायत समितियों और 41 जिला परिषदों में चुनाव कराने का फार्मूला सभी जिलों के कलेक्टरों को भेज दिया है। इसके साथ ही वार्डों के निर्धारण की प्रक्रिया जल्द शुरू करने के निर्देश भी जारी कर दिए गए हैं। गौरतलब है कि अदालत ने स्थानीय निकाय चुनाव कराने के लिए 15 अप्रैल तक की समय सीमा तय कर रखी है।

राज्य सरकार की ओर से सभी 41 कलेक्टरों को ग्राम पंचायत, पंचायत समिति और जिला परिषद स्तर पर वार्ड तय करने के स्पष्ट दिशा निर्देश दिए गए हैं। पंचायती राज विभाग ने इसके लिए आबादी के आधार पर मापदंड भी तय कर दिए हैं, ताकि पूरे प्रदेश में एक समान व्यवस्था लागू हो सके।

नई व्यवस्था के तहत ग्राम पंचायतों में तीन हजार की आबादी पर सात वार्ड होंगे। यदि आबादी में एक हजार की बढ़ोतरी होती है तो दो अतिरिक्त वार्ड जोड़े जाएंगे। इस फार्मूले के अनुसार चार हजार की आबादी वाली ग्राम पंचायत में वार्डों की संख्या सात से बढ़कर नौ हो जाएगी।

पंचायत समितियों के लिए एक लाख की आबादी पर 15 वार्ड निर्धारित किए गए हैं। यदि आबादी एक लाख से 15 हजार अधिक होती है तो दो वार्ड और जुड़ेंगे। इसी क्रम में हर अतिरिक्त 15 हजार की आबादी पर दो वार्ड बढ़ते जाएंगे, जिससे वार्डों की संख्या 15 से बढ़कर 17, 19 या 21 तक पहुंच सकती है।

जिला परिषदों में चार लाख की आबादी पर 17 वार्ड बनाए जाएंगे। चार लाख से ऊपर प्रत्येक एक लाख की अतिरिक्त आबादी पर दो वार्ड और जोड़े जाएंगे। इस आधार पर जिला परिषदों में भी वार्डों की संख्या 17 से बढ़कर 19, 21 और आगे बढ़ती जाएगी।

कुल मिलाकर विभाग का स्पष्ट संदेश है कि जैसे जैसे आबादी बढ़ेगी, उसी अनुपात में वार्डों की संख्या भी बढ़ाई जाएगी। इससे पंचायत चुनाव से पहले परिसीमन की प्रक्रिया पूरी कर समय पर चुनाव कराना आसान हो सकेगा।

Similar News