दिल्ली से मुंबई जा रहे एयर इंडिया विमान की आपात लैंडिंग, सभी यात्री सुरक्षित

Update: 2025-12-22 05:18 GMT


नई दिल्ली। दिल्ली से मुंबई जा रहा एयर इंडिया का बोइंग 777 300ER विमान वीटी एएलएस तकनीकी खराबी के चलते उड़ान के कुछ समय बाद ही वापस लौट आया। विमान के एक इंजन में खराबी सामने आने पर पायलटों ने एहतियातन इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर आपात लैंडिंग कराई।

एयरलाइन सूत्रों के अनुसार विमान के इंजन नंबर दो में ऑयल प्रेशर खतरनाक स्तर तक कम पाया गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कॉकपिट क्रू ने मानक सुरक्षा प्रक्रिया के तहत विमान को तुरंत दिल्ली की ओर मोड़ने का निर्णय लिया। विमान ने सुरक्षित रूप से लैंडिंग की और किसी भी यात्री या चालक दल को कोई चोट नहीं आई।

लैंडिंग के बाद विमान को जांच के लिए हैंगर में भेज दिया गया है। यात्रियों को वैकल्पिक उड़ानों से मुंबई भेजने की व्यवस्था की गई। एयर इंडिया ने कहा है कि सुरक्षा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और तकनीकी जांच पूरी होने के बाद ही विमान को सेवा में लौटाया जाएगा।

Similar News