खून का तांडव, एक हफ्ते में दो महिलाओं की नृशंस हत्या, दहशत

Update: 2026-01-21 08:28 GMT

 पटना। राजधानी पटना के शास्त्री नगर थाना क्षेत्र में अपराध बेलगाम होता जा रहा है। एक हफ्ते के भीतर दूसरी महिला की बेरहमी से हत्या ने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया है। ताजा वारदात मछली गली मोहल्ले की है, जहां बुधवार सुबह एक घर के भीतर खून से लथपथ महिला का शव मिलने से सनसनी फैल गई।

स्थानीय लोगों ने जब घर के अंदर का भयावह मंजर देखा तो इलाके में चीख पुकार मच गई। तुरंत डायल 112 और शास्त्री नगर थाना पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर हालत में महिला को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतका की पहचान प्रीति देवी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह महज दो महीने की बच्ची की मां थी। शुरुआती जांच में सामने आया है कि घरेलू विवाद के दौरान गुस्से में आकर पति ने सिलबट्टे से उस पर ताबड़तोड़ वार किए। सिर और शरीर पर लगातार किए गए हमलों से महिला की मौके पर ही हालत गंभीर हो गई। महिला की चीखें सुनकर आसपास के लोग जमा हुए, लेकिन तब तक सब कुछ खत्म हो चुका था।

हत्या के बाद पति फरार, पुलिस पर सवाल

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में दबिश दे रही है। सचिवालय डीएसपी-2 साकेत कुमार स्वयं मौके पर पहुंचे और शास्त्री नगर थाना पुलिस के साथ जांच शुरू करवाई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

पुलिस फिलहाल घरेलू कलह को हत्या की मुख्य वजह मान रही है। परिजनों, पड़ोसियों और अन्य लोगों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से अहम साक्ष्य जुटाए हैं ताकि हत्या की हर परत खोली जा सके।

एक हफ्ते में दूसरी हत्या, इलाके में खौफ

इस वारदात ने शास्त्री नगर इलाके में दहशत का माहौल बना दिया है। चार दिन पहले इसी थाना क्षेत्र के एजी कॉलोनी पार्क के पास 78 वर्षीय रिटायर्ड महिला टीचर माधवी कुमारी की निर्मम हत्या कर दी गई थी। बदमाशों ने घर में घुसकर बुजुर्ग महिला का चाकू से गला रेत दिया था। शरीर पर कई घाव मिले थे और वह अकेली रहती थी।

Similar News