भीलवाड़ा में अंतरराज्यीय गैंग का खुलासा,: लेफ्टिनेंट कर्नल की लग्जरी कार से बड़ी चोरी, दो गिरफ्तार,तीन वारदात कबूली

Update: 2026-01-21 10:36 GMT

 भीलवाड़ा। प्रेमकुमार गढ़वाल। कारों के शीशे तोडक़र नकदी और कीमती गहने उड़ाने वाली हरियाणा की एक अंतरराज्यीय गैंग का गुलाबपुरा पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू कर दी है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने भीलवाड़ा में दो और पाली जिले में एक बड़ी वारदात करने की स्वीकारोक्ति की है।

सूत्रों के अनुसार, जिले में हुई चोरी की घटनाओं की गहन जांच के तहत पुलिस ने तकनीकी और जाब्ती कार्रवाई की। जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह यादव के निर्देश पर गुलाबपुरा थाना प्रभारी संजय गुर्जर के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। इस टीम में सब-इंस्पेक्टर गोवर्धन लाल और अन्य पुलिस जाब्ता शामिल रहा।

लेफ्टिनेंट कर्नल की कार में रातों-रात चोरी

पुलिस के अनुसार, सैना के लेफ्टिनेंट कर्नल शांतनु झारखंडी अपने तबादले के बाद जयपुर से उदयपुर जा रहे थे। 6 नवंबर को गुलाबपुरा थाना क्षेत्र के चौपाल होटल पर भोजन करने के लिए रुकते ही उन्होंने अपनी लग्जरी कार होटल के बाहर खड़ी की। मौका पाकर बदमाशों ने कार का शीशा तोडक़र अंदर रखी घड़ी, गहने और नकदी चोरी कर ली। कर्नल ने तुरंत इस वारदात की रिपोर्ट गुलाबपुरा थाने में दर्ज करवाई थी।

पुलिस की सघन जाँच और गिरफ्तारी

सीसीटीवी फुटेज खंगालने, संदिग्धों से पूछताछ और तकनीकी जांच के बाद पुलिस को अहम सुराग मिले। इसके तहत हरियाणा के जिंद जिले निवासी उपेंद्र पुत्र हरीकिशन सांसी को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उपेंद्र ने कबूल किया कि उसने चोरी किए गहने भिवानी जिले के मुण्ढाल खुर्द निवासी वीरेंद्र उर्फ बलवान को सौंपे थे। इसके बाद पुलिस ने वीरेंद्र (44) को भी गिरफ्तार कर लिया।पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपियों से चोरी की पूरी कडिय़ां पूछी जा रही हैं और चोरी का माल बरामद करने का अभियान जारी है।

तीन वारदातें कबूली, गैंग का खेल खुला

अभियुक्त उपेंद्र ने पूछताछ में यह भी स्वीकार किया कि उसने केवल कर्नल की कार ही नहीं, बल्कि हमीरगढ़ थाना इलाके में ग्रीन प्लाजा होटल के बाहर खड़ी कारों के शीशे तोडक़र नकदी और जेवरात भी चुराए थे। इसके अलावा, इसी गैंग ने पाली जिले में भी एक बड़ी वारदात की है। पुलिस को आशंका है कि इस गैंग ने राजस्थान के कई जिलों में इसी तरह की और वारदातें की होंगी।

पुलिस की चेतावनी और जाब्ती अभियान जारी

 पुलिस ने कहा कि च्च्गैंग के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है और चोरी की गई सम्पत्ति जल्द ही बरामद कराई जाएगी। अपराधियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

Similar News