भीलवाड़ा। जयपुर के बिन्दायका थाना पुलिस ने चाकू दिखाकर लूट की वारदात को अंजाम देने वाली अंतरराज्यीय गैंग के तीसरे मुख्य आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। गिरफ्तार आरोपी नारायण कालबेलिया (21) भीलवाड़ा जिले के बडलियास थाना क्षेत्र के आम्बा गांव का निवासी है। पुलिस ने इसके पास से लूटी गई सोने की मुरकियां भी बरामद कर ली हैं।
कचरा बीनने की आड़ में महिलाओं से करवाते थे रैकी
पुलिस जांच में इस गैंग का बेहद शातिर तरीका सामने आया है। गैंग के सदस्य महिलाओं को साथ लेकर कचरा बीनने के बहाने गलियों और ढाणियों में रैकी करते थे। इस दौरान वे ऐसे बुजुर्गों को चिह्नित करते थे जो सोने-चांदी के गहने पहनते हों। वारदात के समय लुटेरे अपना मोबाइल फोन घर पर ही छोड़ देते थे ताकि पुलिस उन्हें ट्रैक न कर सके।
बकरियों की रखवाली कर रहे बुजुर्ग से की थी लूट
डीसीपी वेस्ट हनुमान प्रसाद मीणा ने बताया कि 19 जून को अजमेर निवासी श्रवण गुर्जर ने रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। वह हाथोज मोड़ के पास खेत में बकरियों की रखवाली कर रहा था, तभी तीन बदमाशों ने उसे चाकू दिखाकर धमकाया और मारपीट कर कानों से सोने की मुरकियां लूट लीं।
सैकड़ों सीसीटीवी और तकनीकी टीम की मेहनत लाई रंग
थानाधिकारी विनोद कुमार वर्मा के नेतृत्व में टीम ने सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और संदिग्धों की पहचान की। पुलिस इस मामले में पहले ही दो आरोपियों, राकेश नाथ (चित्तौड़गढ़) और नाथूनाथ (भीलवाड़ा) को गिरफ्तार कर चुकी थी। अब तीसरे आरोपी नारायण को भी गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी लूट के 6 मामले दर्ज हैं।
अपराध, पुलिस कार्रवाई और क्षेत्र की कानून व्यवस्था से जुड़ी हर बड़ी और ताजा खबरों के लिए जुड़े रहें भीलवाड़ा हलचल के साथ। समाचार भेजें 9829041455 पर।
