भीलवाड़ा BHN जिले के कुम्हारिया गांव में गुरुवार को तेरह दिन से लापता युवक की लाश उसके खेत में पेड़ से लटकी हुई मिली। घटना से पूरे गांव में दहशत फैल गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया और फिलहाल पुलिस इसे खुदकुशी मानकर जांच कर रही है।
मंगरोप थाना प्रभारी विजय मीणा ने बताया कि रतन लाल (36) पुत्र उदयलाल गुर्जर नौ जनवरी को घर से लापता हो गया था। परिजनों ने उसकी तलाश की, लेकिन कहीं पता नहीं चला। 19 जनवरी को पिता ने थाने में गुमशुदगी दर्ज करवाई थी।
गुरुवार को रतन के पिता उदयलाल अपने खेत में गए, जहां उन्हें बदबू महसूस हुई। झाड़ियों के बीच खाखरे के पेड़ पर रतन का शव रस्सी और साफी के सहारे झुलता मिला। लाश काफी सड़ चुकी थी। पिता ने तुरंत परिजनों और पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने मौके पर जांच की और शव को राजकीय अस्पताल भिजवाकर पोस्टमार्टम कराया। थाना प्रभारी ने बताया कि रतन अपने चार भाइयों में सबसे छोटा और भोला था, जिनमें से केवल एक भाई की शादी हुई थी। रतन सहित तीन भाई अविवाहित हैं। पुलिस अब खुदकुशी के कारणों की गहन जांच कर रही है।