अंतरराज्यीय गैंग का कबूलनामा-: दिल्ली से महंगी बाइक से आकर करते थे चोरी, हाइवे पर दो दर्जन से ज्यादा वारदातों को दे चुके अंजाम

Update: 2026-01-22 14:55 GMT

 भीलवाड़ा बीएचएन। कारों के शीशे तोडक़र नकदी और कीमती गहने उड़ाने वाली हरियाणा की एक अंतरराज्यीय गैंग जुड़े गिरफ्तार आरोपित उपेंद्र सांसी ने गुलाबपुरा पुलिस की पूछताछ में कई अहम खुलासे किये हैं। पुलिस अब इनसे पूछताछ कर सेना के लेफ्टिनेंट कर्नर की कार से चोरी किया माल बरामद करने का प्रयास कर रही है।

पुलिस के अनुसार, सैना के एक अधिकारी अपने तबादले के बाद परिवार सहित जयपुर से उदयपुर जा रहे थे। 6 नवंबर को गुलाबपुरा थाना क्षेत्र में सरेरी के पास चौपाल दा ढाबा पर भोजन करने के लिए रुके। गाड़ी उन्होंने पार्किंग में खड़ी की। मौका पाकर बदमाशों ने कार का शीशा तोडक़र अंदर रखी छह कीमती घडिय़ां, ढाई लाख रुपये कीमत के सोने के जेवरात, 20 हजार रुपये नकद चुरा लिये। कर्नल ने आठ नवंबर को गुलाबपुरा थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी।

1500 किलोमीटर तक बदमाशों का किया पीछा

पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगालने, संदिग्धों से पूछताछ और तकनीकी जांच के बाद करीब 1500 किलोमीटर तक बदमाशों का पीछा किया। पुलिस ने अहम सुराग हाथ लगने के बाद 15 हजार रुपये के ईनामी बदमाश हरियाणा के जिंद जिले निवासी उपेंद्र पुत्र हरीकिशन सांसी को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उपेंद्र ने कबूल किया कि उसने चोरी किए गहने भिवानी जिले के मुण्ढाल खुर्द निवासी वीरेंद्र उर्फ बलवान को सौंपे थे। इसके बाद पुलिस ने वीरेंद्र (44) को भी गिरफ्तार कर लिया। वीरेंद्र पर भी 15 हजार रुपये का ईनाम था।

महंगी बाइक पर दिल्ली से आते और देते थे वारदात को अंजाम

आरोपित उपेंद्र ने पुलिस पूछताछ में स्वीकार किया कि वह सोरखी जिला हांसी, हरियाणा निवासी अपने साथी पिन्टू सांसी पुत्र राकेश सांसी के साथ दिल्ली से मंहगी बाइक्स पर सवार होकर आते और वारदात को अंजाम देते थे। आरोपित ने कबूल किया कि वे, नेशनल हाईवे पर होटल व ढाबों पर रैकी करते तथा कार चालक कारों को पार्किंग मे खडा कर खाना खाने के लिये जाते तभी मौका पाकर वे कार का शीशा तोडक़र कीमती सामान पर हाथ साफ कर फरार हो जाते।

हाइवे पर 25 से 30 वारदातों को दे चुके अंजाम

गुलाबपुरा थाना प्रभारी संजय गुर्जर ने बताया कि आरोपित उपेंद्र से पूछताछ में खुलासा हुआ कि उसने व साथी ने मिलकर अब तक हाइवे पर 25 से 30 वारदातों को अंजाम दिया है। इनमें हमीरगढ़ थाना क्षेत्र स्थित होटल ग्रीन प्लाजा के बाहर हुई एक वारदात भी शामिल हैं।

मोबाइल का नहीं करते इस्तेमाल

हरियाणा की यह शीशा तोड़ गैंग काफी शातिर है। पुलिस से बचने के लिए ये बदमाश दिल्ली से निकलने से लेकर वारदात को अंजाम देने के बाद सुरक्षित ठिकाने पर पहुंचने तक मोबाइल का भी इस्तेाल नहीं करते थे। आरोपितों ने कबूल किया कि वारदात को अंजाम देने के बाद जो भी जेवरात मिलते वे, सुनार को बैच देते थे। पुलिस अब चोरी का माल बरामद करने का प्रयास कर रही है।  

Similar News