मासूम बच्ची की हत्या , पिता पर आरोप, सात साल का भाई बना सबसे बड़ा गवाह

Update: 2026-01-24 10:27 GMT

 दिल्ली एनसीआर के फरीदाबाद जिले के झाड़सेंतली गांव से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां साढ़े चार साल की मासूम बच्ची वंशिका की बेरहमी से हत्या कर दी गई। इस वारदात में सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि हत्या का आरोप खुद उसके पिता कृष्णा जैसवाल पर लगा है। पूरी घटना के वक्त घर में केवल आरोपी पिता और उसके दोनों बच्चे मौजूद थे, जबकि सात साल का बेटा कार्तिक इस जघन्य अपराध का प्रत्यक्ष गवाह बन गया।

जानकारी के अनुसार 21 जनवरी को पिता घर पर बच्ची को पढ़ा रहा था। उसने वंशिका से 50 तक गिनती लिखने को कहा, लेकिन बच्ची यह नहीं कर सकी। इसी बात पर आरोपी पिता का गुस्सा बेकाबू हो गया। आरोप है कि उसने बेलन से बच्ची को पीटना शुरू कर दिया और फिर जमीन पर पटक दिया, जिससे वह बेहोश हो गई। गंभीर हालत में बच्ची को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसकी चोटें देखकर सवाल उठाए। घबराए पिता ने डॉक्टरों को बताया कि बच्ची सीढ़ियों से गिर गई है। जांच के बाद डॉक्टरों ने बच्ची को मृत घोषित कर दिया।

इसके बाद आरोपी ने पत्नी को फोन कर भी वही कहानी सुनाई और कहा कि बच्ची सीढ़ियों से गिरने से घायल हो गई थी। शाम को दोनों पति पत्नी बच्ची का शव लेकर घर पहुंचे, तभी बेटे कार्तिक ने अपनी मां को पूरी सच्चाई बता दी। उसने बताया कि किस तरह छोटी सी गलती पर पिता ने उसकी बहन को बेरहमी से पीटा था। बेटे की बात सुनते ही मां सदमे में आ गई और उसने हिम्मत जुटाकर सेक्टर 58 थाना पुलिस को शिकायत दी।

पुलिस ने शिकायत के आधार पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी पिता से पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। यह मामला एक बार फिर बच्चों के प्रति हिंसा के गंभीर सवाल खड़े करता है और समाज को झकझोरने वाला बताया जा रहा है।

Similar News