कोरबा, छत्तीसगढ़ । जिले में शुक्रवार रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां एक पति ने घरेलू विवाद के बाद अपनी पत्नी पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। यह वारदात सीएसईबी थाना क्षेत्र के झोपड़ीपारा पंप हाउस इलाके में हुई। गंभीर रूप से झुलसी महिला को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल के बर्न यूनिट में भर्ती कराया गया है, जबकि आरोपी पति को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी रवि बरेठ की शादी पांच साल पहले 23 वर्षीय अंजलि बरेठ से हुई थी और दोनों का एक बच्चा भी है। रवि अपनी पत्नी के चरित्र को लेकर लंबे समय से शक करता था, जिस कारण आए दिन झगड़े होते रहते थे। परेशान होकर अंजलि कुछ समय से मायके पक्ष के साथ अलग रह रही थी।
शुक्रवार रात करीब नौ बजे रवि पेट्रोल की बोतल लेकर मौके पर पहुंचा। अचानक उसने अंजलि पर पेट्रोल उड़ेल दिया और माचिस जलाकर उसे आग के हवाले कर दिया। देखते ही देखते अंजलि लपटों में घिर गई, जबकि आरोपी मौके से फरार हो गया। महिला की चीख पुकार सुनकर परिजन दौड़कर पहुंचे और किसी तरह आग बुझाई। इसके बाद उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई और पीड़िता का बयान दर्ज किया गया। अंजलि ने अपने बयान में पति के लिए कड़ी से कड़ी सजा, यहां तक कि फांसी की मांग की है। पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले के मार्गदर्शन में चौकी प्रभारी भीमसेन यादव ने आरोपी रवि बरेठ को हिरासत में ले लिया। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई जारी है।