किडनैप और मारपीट के आरोपित का कोर्ट में सरेंडर, पुलिस ने किया गिरफ्तार

Update: 2026-02-06 07:33 GMT

 भीलवाड़ा बीएचएन। युवक के अपहरण और बेरहमी से पिटाई के सनसनीखेज मामले में फरार चल रहा आरोपी आखिरकार कानून के शिकंजे में आ गया।  आरोपित सौरभ त्रिपाठी ने गुरुवार को अदालत में सरेंडर किया, जिसके तुरंत बाद भीमगंज थाना पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार इस मामले में पहले ही चार आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि एक बाल अपचारी को निरुद्ध किया गया था। लंबे समय से फरार सौरभ की तलाश की जा रही थी, जो उच्च न्यायालय के आदेश के बाद अदालत पहुंचा और वहीं से पुलिस की गिरफ्त में आ गया।

जांच अधिकारी कृष्ण गोपाल ने बताया कि यह वारदात 14 जुलाई 2025 की है। सलावटिया निवासी हरीओम तेली अपने निजी काम से भीलवाड़ा आया था। हरीओम और विक्रम शर्मा के बीच पुरानी रंजिश थी। इसी दुश्मनी के चलते बाइक पर आए कुछ लोगों ने उसे जबरन उठाया और पटरी पार की एक कॉलोनी में ले गए। वहां विक्रम शर्मा सहित अन्य आरोपित भी आ गये। इसके बाद सभी ने हरीओम को बंधक बनाकर जमकर मारपीट की। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है।

Similar News