मुठभेड़ में ढेर हुआ एक लाख का इनामी लुटेरा, सिपाही घायल, दूसरा बदमाश फरार

Update: 2026-02-06 08:22 GMT

 यूपी के शामली जिले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। झिंझाना से कसेरवा मार्ग पर यमुना नहर के पास देर रात हुई मुठभेड़ में पुलिस ने एक लाख रुपये के इनामी लुटेरे को मार गिराया। कार्रवाई के दौरान एक पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि दूसरा बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।

पुलिस को सूचना मिली थी कि इलाके में दो बदमाश छिपे हुए हैं। इसके बाद टीम ने चारों ओर से घेराबंदी की और रात करीब 12 बजकर 30 मिनट पर बदमाशों को रोकने की कोशिश की। पुलिस ने उन्हें सरेंडर करने को कहा, लेकिन बदमाशों ने आत्मसमर्पण करने के बजाय फायरिंग शुरू कर दी। गोलीबारी में शामली कोतवाली में तैनात सिपाही सुमित बैसला गंभीर रूप से घायल हो गए।

इसके बाद पुलिस ने पूरी सतर्कता के साथ जवाबी फायरिंग की। करीब 30 से 35 मिनट तक चली मुठभेड़ में एक बदमाश रिहान को गोली लग गई और वह मौके पर ही गिर पड़ा। पुलिस उसे तुरंत अस्पताल लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मौके से हथियार भी बरामद किए गए, जिनमें एक मेड इन इटली पिस्तौल और एक देसी पिस्तौल शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार मारा गया बदमाश रिहान दिल्ली के जाकिर नगर न्यू ओखला का रहने वाला था। उसके खिलाफ करीब 90 आपराधिक मुकदमे दर्ज थे और वह लंबे समय से फरार चल रहा था। उस पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित था। वह लूट और अन्य संगीन अपराधों में शामिल रहा है।

फरार बदमाश की तलाश के लिए इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। वहीं घायल सिपाही सुमित बैसला का इलाज जारी है और अब उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Similar News