चोरी की सोने की चेन खरीदने वाला सर्राफा पुलिस के शिकंजे में, पुलिस कर रही है बरामदगी के प्रयास
भीलवाड़ा बीएचएन। चोरी के मामलों में केवल चोर ही नहीं बल्कि चोरी का माल खरीदने वाले भी अब पुलिस की रडार पर हैं। जिले के गंगापुर कस्बे में मकान से चोरी की गई सोने की चेन खरीदने के आरोप में पुलिस ने एक सर्राफा व्यापारी को गिरफ्तार कर लिया है। कार्रवाई के बाद क्षेत्र में खलबली मच गई।
गंगापुर थाने के सहायक उप निरीक्षक जोगेंद्र सिंह ने बताया कि गंगापुर निवासी ओमप्रकाश परिहार के मकान के 5 दिसंबर को ताले तोडक़र बदमाश एक सोने की चेन, सोने की अंगूठी और 1 लाख 38 हजार रुपये नकद चोरी कर ले गए थे। इस संबंध में परिहार के बेटे मंगल ने थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी।
पुलिस जांच में सामने आया कि चोरी की वारदात में कालू उर्फ भूरा बागरिया और रामस्वरूप बागरिया शामिल थे, जिन्हें प्रोडक्शन वारंट पर जेल से लाया गया। इसके अलावा एक अन्य आरोपी दुर्गा बागरिया को भी गिरफ्तार कर रिमांड पर लिया गया।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने खुलासा किया कि चोरी की गई सोने की चेन उन्होंने संजय नगर, बिजयनगर बरल 2 निवासी बुद्धि प्रकाश उर्फ सोनू पुत्र नौरतमल सोनी को बेच दी थी। इस जानकारी के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सर्राफा व्यापारी को दबोच लिया। पुलिस उससे पूछताछ कर चोरी की चेन बरामद करने का प्रयास कर रही है।