अजमेर। अजमेर में जिला सेशन कोर्ट के नए भवन को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। कलेक्टर को भेजे गए धमकी भरे मेल में लिखा गया है कि 'आपके कोर्ट में 13 आरडीएक्स लगाए गए हैं, जो जल्दी फटने वाले हैं।'
घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस, सीआईडी और डॉग स्क्वायड की टीम तुरंत कोर्ट परिसर पहुंची। बम की संभावित धमकी को देखते हुए फायर ब्रिगेड की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। सुरक्षा के मद्देनजर कोर्ट परिसर से वकीलों और अन्य लोगों को बाहर निकालकर पूरे क्षेत्र की तलाशी ली जा रही है।
अजमेर में जिला कलेक्टर लोकबंधु को पहले भी करीब तीन बार मेल के जरिए धमकी मिल चुकी है। दो बार कलेक्ट्रेट और दरगाह को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी, जबकि तीसरी बार सिर्फ कलेक्ट्रेट को निशाना बनाया गया था।
तीनों ही मामलों में कलेक्टर के प्रतिनिधि के माध्यम से सिविल लाइन थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया था। हालांकि अब तक पुलिस को इस मामले में किसी संदिग्ध या सबूत का पता नहीं चला है। सुरक्षा बढ़ा दी गई है और जांच जारी है।