आधी रात को ज्वैलरी शॉप पर हमला, व्यापारी पंकज सोनी की हत्या, दो कारीगर गंभीर घायल,सर्राफा बाजार बंद

Update: 2026-02-10 10:26 GMT

 मेड़ता सिटी। नागौर जिले के मेड़ता सिटी में सोमवार देर रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। ब्रह्मपुरी क्षेत्र में स्थित एक ज्वैलरी दुकान पर हथियारों से लैस दो बदमाशों ने अचानक हमला कर दिया। इस हमले में मेड़ता मैढ़ क्षत्रिय स्वर्णकार समाज के पूर्व नवयुवक मंडल अध्यक्ष और जैतारण चौकी निवासी पंकज सोनी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दुकान में काम कर रहे दो बंगाली कारीगर गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार मृतक पंकज सोनी  40 पुत्र गोरधनलाल सोनी रोज की तरह रात करीब साढ़े बारह बजे अपनी दुकान में काम कर रहे थे। उस समय उनके साथ कारीगर संजय और संदीप भी मौजूद थे। अचानक दो युवक दुकान में घुसे और बिना किसी चेतावनी के चाकू जैसे धारदार हथियारों से हमला शुरू कर दिया। अचानक हुए हमले से दुकान में अफरातफरी मच गई और आसपास के लोग भी घबराकर बाहर निकल आए।

हमले के दौरान पंकज सोनी के सीने और पेट में गंभीर वार किए गए, जिससे वे लहूलुहान होकर गिर पड़े और कुछ ही देर में उनकी मौत हो गई। वहीं कारीगर संजय और संदीप भी घायल हो गए। दोनों को तुरंत उप जिला चिकित्सालय ले जाया गया, जहां ऑन कॉल डॉक्टर डॉ कमलेश गौरा ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर देखते हुए अजमेर रेफर कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और क्षेत्र को घेराबंदी कर जांच शुरू की। मेड़ता पुलिस उप अधीक्षक रामकरण सिंह मलिंडा ने बताया कि वारदात के पीछे के कारणों की गहराई से जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। प्रारंभिक जांच में पश्चिम बंगाल से जुड़े कुछ संदिग्धों के तार सामने आने की बात कही जा रही है। आरोपियों की तलाश के लिए अलग अलग पुलिस टीमें गठित कर दी गई हैं।

हत्या की खबर फैलते ही अस्पताल के बाहर भारी संख्या में परिजन और स्वर्णकार समाज के लोग जमा हो गए। सभी ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग करते हुए धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। मौके पर पूर्व विधायक इंदिरा देवी बावरी और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भी पहुंचे और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील करते नजर आए। पुलिस अधिकारी प्रदर्शनकारियों से लगातार समझाइश करते रहे।

घटना के विरोध में मंगलवार को मेड़ता सिटी का सर्राफा बाजार पूरी तरह बंद रहा। सैकड़ों दुकानों पर ताले लटके नजर आए। स्वर्णकार व्यापार संघ अध्यक्ष धर्मीचंद सोनी ने कहा कि जब तक आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया जाता, तब तक व्यापारियों में रोष बना रहेगा। व्यापारियों ने जिला कलक्टर, पुलिस अधीक्षक और उपखंड अधिकारी को मौके पर बुलाने की मांग भी रखी है।

पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा और पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा। फिलहाल शहर में अतिरिक्त पुलिस जाप्ता तैनात कर दिया गया है ताकि किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से बचा जा सके।

Similar News