इनामी गिरफ्तार, आईपीएस बनकर महिला से शादी कर 19 लाख हड़पे, डेढ़ साल से था फरार
बांसवाड़ा। साइबर अपराधियों के खिलाफ चल रही मुहिम में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। साइबर पुलिस टीम ने जिले के आधा दर्जन से अधिक थानों में दर्ज मामलों में वांछित 10 हजार रुपए के इनामी आरोपी अक्षत राज कोठारी को इंदौर से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी करीब एक साल छह महीने से नाम बदलकर फरारी काट रहा था और लगातार अपनी पहचान छिपाकर अलग अलग ठिकानों पर रह रहा था।
पुलिस के अनुसार अक्षत राज कोठारी ने खुद को आईपीएस अधिकारी बताकर फेसबुक और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए एक महिला से संपर्क किया था। भरोसा जीतने के बाद उसने महिला से शादी की और फिर पत्नी के नाम बैंक से करीब 19 लाख रुपए का लोन करवा लिया। रकम हाथ लगते ही आरोपी अचानक गायब हो गया और महिला को आर्थिक संकट में छोड़कर फरार हो गया।
तकनीकी निगरानी से दबोचा गया आरोपी
साल 2024 से फरार चल रहे आरोपी को पकड़ने के लिए साइबर टीम लगातार प्रयास कर रही थी। साइबर थाना प्रभारी हरिओम को विशेष इनपुट मिलने के बाद तकनीकी सर्विलांस के जरिए आरोपी की लोकेशन ट्रेस की गई। इसके बाद टीम ने इंदौर में घेराबंदी कर उसे दबोच लिया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने राहत की सांस ली है और अब आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है।
पूछताछ में और भी खुलासों की उम्मीद
इस कार्रवाई में सीआई हरिओम के नेतृत्व में हेड कांस्टेबल समुंदर, महेंद्र सिंह और किशनलाल की अहम भूमिका रही। पुलिस को आशंका है कि आरोपी ने इसी तरह और भी लोगों को शिकार बनाया होगा। उसके नेटवर्क, अन्य पीड़ितों और संभावित साथियों की जानकारी जुटाई जा रही है। साथ ही अन्य जिलों में दर्ज मामलों की भी जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आने वाले दिनों में इस गिरोह से जुड़े और बड़े खुलासे हो सकते हैं।