हैवानियत: शक और दहेज के लिए पत्नी को कुल्हाड़ी से काटा, खेत में दफन कर एक साल तक रचा 'झूठ का खेल'

Update: 2026-02-21 12:01 GMT

 कासगंज | उत्तर प्रदेश के कासगंज जिले से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसे सुनकर किसी के भी रोंगटे खड़े हो जाएं। यहाँ एक पति ने न केवल अपनी पत्नी की कुल्हाड़ी से काटकर बेरहमी से हत्या की, बल्कि साक्ष्य मिटाने के लिए लाश को खेत में दफन कर दिया। हैरत की बात यह है कि आरोपी एक साल तक पुलिस और परिजनों की आंखों में धूल झोंकता रहा, लेकिन आखिर में 'दफन राज' खुल ही गया।

सोशल मीडिया पर बात करने के शक में किया कत्ल

पुलिस जांच में सामने आया कि 25 वर्षीय रवेन्द्र कुमार अपनी पत्नी प्रियंका (21 वर्ष) पर शक करता था। घटना वाले दिन प्रियंका के सोशल मीडिया पर किसी दोस्त से बात करने को लेकर विवाद इतना बढ़ा कि रवेन्द्र ने आपा खो दिया और कुल्हाड़ी से प्रियंका की गर्दन पर वार कर उसे मौत के घाट उतार दिया। मृतका के परिजनों का आरोप है कि उसे शादी के बाद से ही दहेज के लिए भी प्रताड़ित किया जा रहा था।

पिता के साथ मिलकर साक्ष्य मिटाने की रची साजिश

हत्या के बाद रवेन्द्र ने अपने पिता छोटेलाल के साथ मिलकर खौफनाक साजिश रची। शव को बोरी में बंद कर बैलगाड़ी के जरिए खेत ले जाया गया और वहां गड्ढा खोदकर दफन कर दिया गया। वारदात के बाद रवेन्द्र फरार हो गया और ससुराल पक्ष को गुमराह करता रहा कि दोनों काम के सिलसिले में शहर से बाहर हैं।

एक साल बाद कंकाल ने दी गवाही

जब महीनों तक प्रियंका से संपर्क नहीं हुआ, तो उसकी मां सोमवती ने पुलिस की शरण ली। पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की तो रवेन्द्र टूट गया और अपना गुनाह कबूल कर लिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर खेत से प्रियंका का कंकाल बरामद किया है। हत्या में इस्तेमाल कुल्हाड़ी भी जब्त कर ली गई है।

हत्या, साजिश और क्रूरता की धाराओं में केस दर्ज

अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार ने बताया कि आरोपी रवेन्द्र के खिलाफ बीएनएस (BNS) की धारा 103(1), 61(2), 85 और 140(3) के तहत गंभीर मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब इस मामले में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

Similar News

109 किलो गांजा बरामदगी मामला:: 5 हजार की इनामी महिला गिरफ्तार, पति अब भी फरार

शादी की शहनाइयों के बीच पसरा मातम:: फेरों से चंद घंटों पहले दो सगी बहनों ने दी जान, उजड़ गई खुशियां