देश की राजधानी पर आतंकी साया: लाल किला और चांदनी चौक के मंदिर को उड़ाने की साजिश, दिल्ली में हाई अलर्ट

Update: 2026-02-21 09:52 GMT

 नई दिल्ली/डेस्क | देश की राजधानी दिल्ली एक बार फिर आतंकी संगठन के निशाने पर है। खुफिया एजेंसियों ने एक बड़ा इनपुट साझा किया है कि आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा (LeT) लाल किला क्षेत्र और चांदनी चौक के एक प्रमुख मंदिर में भीषण विस्फोट करने की फिराक में है। इस सूचना के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने पूरी दिल्ली में हाई अलर्ट जारी कर दिया है।

इस्लामाबाद ब्लास्ट के बाद रची जा रही भारत में साजिश

खुफिया सूत्रों के अनुसार, लश्कर-ए-तैयबा आईईडी (IED) के जरिए बड़े धमाके की योजना बना रहा है। बताया जा रहा है कि 6 फरवरी को पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद की एक मस्जिद में हुए विस्फोट के बाद आतंकी संगठन बौखलाया हुआ है और बदला लेने की नीयत से भारत में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में है।

भीड़भाड़ वाले धार्मिक स्थल आतंकियों के रडार पर

आतंकियों की मंशा देश की सांप्रदायिक सद्भाव को बिगाड़ने और दहशत फैलाने की है। इसीलिए उन्होंने चांदनी चौक जैसे ऐतिहासिक और भीड़भाड़ वाले इलाके के प्रमुख मंदिर को निशाना बनाने की साजिश रची है। ऐतिहासिक लाल किला भी उनके संभावित निशानों में प्रमुखता से शामिल है।

किले में तब्दील हुई दिल्ली: चप्पे-चप्पे पर नजर

सुरक्षा एजेंसियों ने संभावित खतरे को देखते हुए लाल किला और चांदनी चौक के आसपास सुरक्षा घेरा बेहद कड़ा कर दिया है। अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती के साथ-साथ सीसीटीवी कैमरों से पल-पल की निगरानी की जा रही है। संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं और आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे किसी भी लावारिस वस्तु या संदिग्ध व्यक्ति की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।

Similar News

शादी की शहनाइयों के बीच पसरा मातम:: फेरों से चंद घंटों पहले दो सगी बहनों ने दी जान, उजड़ गई खुशियां