भाजपा का देशभर में कांग्रेस के खिलाफ प्रदर्शन, राहुल गांधी पर निशाना, दिखाये काले झण्डे
नई दिल्ली। कांग्रेस के एआई समिट में हुए हंगामे के विरोध में भारतीय जनता पार्टी ने शनिवार को दिल्ली, महाराष्ट्र, गुजरात और जम्मू-कश्मीर में प्रदर्शन किए। दिल्ली में कांग्रेस कार्यालय के बाहर भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ता पोस्टर लेकर विरोध जताते नजर आए। पोस्टरों पर कांग्रेस और राहुल गांधी के खिलाफ नारे लिखे थे और माफी की मांग की जा रही थी।
मुंबई के मुलुंड में भाजपा कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी के काफिले को काले झंडे दिखाए। वे वहां से भिवंडी जा रहे थे। वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव प्रचार के दौरान राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पर की गई टिप्पणी से जुड़े एक मामले में भिवंडी कोर्ट में उनकी पेशी निर्धारित थी। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया।
गुजरात के सूरत में भी भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए पार्टी का पुतला दहन किया। वहीं जम्मू-कश्मीर में भी भाजपा कार्यकर्ताओं ने अलग-अलग स्थानों पर विरोध जताया।
दरअसल, 20 फरवरी को दिल्ली स्थित भारत मंडपम में आयोजित एआई समिट 2026 के दौरान इंडियन यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने भारत-अमेरिका ट्रेड डील के खिलाफ प्रदर्शन किया था। प्रदर्शन के कई वीडियो सामने आए हैं, जिनमें 15 से 20 कार्यकर्ता सफेद रंग की टी-शर्ट हाथ में लिए दिखाई दे रहे हैं। टी-शर्ट पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की तस्वीर छपी थी और उस पर प्रधानमंत्री के खिलाफ टिप्पणी लिखी थी।
राजस्थान के जयपुर में भी भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के खिलाफ प्रदर्शन किया। पुलिस ने उन्हें रोकने के लिए बैरिकेड्स लगाए, लेकिन प्रदर्शनकारी बैरिकेड्स पर चढ़ गए और नारेबाजी करते रहे।
