भीलवाड़ा BHN. जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह द्वारा चलाए जा रहे वांछित अपराधियों की धरपकड़ अभियान के तहत भीमगंज पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने ₹5000 के इनामी और शातिर धोखाधड़ी के आरोपी नितेश बंसल को गिरफ्तार कर धोखाधड़ी से प्राप्त की गई BMW कार भी बरामद की है।
पुलिस की टीम ने अलग-अलग ठिकानों पर दी दबिश
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पारस जैन और वृत्ताधिकारी (शहर) सज्जन सिंह के सुपरविजन में थानाधिकारी सुनील चौधरी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने शहर में अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर प्रकरण संख्या 305/2022 (धारा 406, 420 भादसं) में लंबे समय से वांछित चल रहे आरोपी नितेश बंसल 50 पुत्र रामबाबू निवासी वैभव नगर को दबोच लिया।
धोखाधड़ी और आपराधिक रिकॉर्ड
पुलिस अनुसंधान के अनुसार, आरोपी ने धोखाधड़ी के जरिए एक कीमती BMW कार हासिल की थी, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया है। आरोपी नितेश बंसल का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी रहा है। इसके खिलाफ पूर्व में थाना प्रतापनगर और कोतवाली में भी धोखाधड़ी एवं जालसाजी के गंभीर मामले दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भिजवा दिया है।