सरपंच पुत्र से मांगी 2 करोड़ की रंगदारी, अंतरराष्ट्रीय नंबर से आई कॉल ने उड़ाए होश

Update: 2026-02-21 11:14 GMT

 हनुमानगढ़  | राजस्थान में अपराधियों के हौसले पस्त होने का नाम नहीं ले रहे हैं। अब संगरिया उपखंड के मालारामपुरा की सरपंच के बेटे को वाट्सऐप कॉल के जरिए 2 करोड़ रुपए की रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी देने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस धमकी भरे कॉल के बाद पूरे परिवार में दहशत का माहौल है।

"पूरे परिवार की लोकेशन हमारे पास है..."

मालारामपुरा निवासी सहदेव बिश्नोई ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि 6 फरवरी की सुबह उनके पास एक अंतरराष्ट्रीय नंबर से वाट्सऐप ऑडियो कॉल आई। कॉल करने वाले अज्ञात बदमाश ने खौफ पैदा करते हुए कहा कि उसके पास सहदेव के पूरे परिवार की लोकेशन है और उनकी हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है। बदमाश ने सीधे तौर पर 2 करोड़ रुपए की मांग की और पैसे न देने पर अंजाम भुगतने की चेतावनी दी।

विदेशी नंबर से धमकी: पुलिस और साइबर सेल सक्रिय

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। चूंकि कॉल विदेशी नंबर से आई है, इसलिए पुलिस की साइबर टीम डिजिटल फुटप्रिंट्स और तकनीकी साक्ष्यों के जरिए आरोपियों तक पहुँचने का प्रयास कर रही है। एएसआई राजेंद्र कुमार को इस मामले की जांच सौंपी गई है।

सुरक्षा की गुहार: दहशत में परिवार

सरपंच पुत्र सहदेव बिश्नोई ने पुलिस प्रशासन से परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की गुहार लगाई है। पुलिस का कहना है कि वे तकनीकी साक्ष्यों को खंगाल रहे हैं और जल्द ही इस अंतरराष्ट्रीय कॉल के पीछे छिपे चेहरों को बेनकाब किया जाएगा।

Similar News

शादी की शहनाइयों के बीच पसरा मातम:: फेरों से चंद घंटों पहले दो सगी बहनों ने दी जान, उजड़ गई खुशियां