पहचान छिपाकर युवती से दोस्ती, फिर होटल में किया शोषण; आधार कार्ड ने खोला आरोपी का असली 'राज'
मैनपुरी | उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले में धर्म छिपाकर युवती को प्रेम जाल में फंसाने और शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण करने का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपी युवक दो साल तक अपनी असली पहचान छिपाकर युवती को गुमराह करता रहा, लेकिन एक छोटी सी चूक ने उसके झूठ के साम्राज्य का पर्दाफाश कर दिया।
हिंदू बनकर की दोस्ती, दो साल तक किया गुमराह
पीडि़ता ने एसपी कार्यालय पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई है। युवती का आरोप है कि करीब दो साल पहले उसकी मुलाकात एक युवक से हुई थी, जिसने खुद को हिंदू बताकर दोस्ती की थी। धीरे-धीरे दोस्ती प्यार में बदल गई और युवक ने शादी का वादा कर युवती का भरोसा जीत लिया। इस दौरान वह शादी का झांसा देकर लगातार युवती का शोषण करता रहा।
होटल के कमरे में रखे आधार कार्ड ने खोल दी पोल
घटनाक्रम के अनुसार, 8 फरवरी को आरोपी युवक युवती को राधारमन रोड स्थित एक होटल में ले गया। वहां कमरे की मेज पर रखे युवक के आधार कार्ड पर युवती की नजर पड़ गई। आधार कार्ड देखते ही युवती के होश उड़ गए, क्योंकि उसमें युवक का नाम और धर्म वह नहीं था जो उसने बताया था। युवक ने अपनी असली धार्मिक पहचान छिपाकर युवती को धोखे में रखा था।
विरोध करने पर मारपीट और जान से मारने की धमकी
सच्चाई सामने आने के बाद जब युवती ने इसका कड़ा विरोध किया और पुलिस के पास जाने की बात कही, तो आरोपी अपनी असलियत पर उतर आया। उसने युवती के साथ बेरहमी से मारपीट की और उसे जान से मारने की धमकी दी। डरी-सहमी युवती ने हिम्मत जुटाकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
पुलिस जांच में जुटी: एएसपी ने दिए सख्त निर्देश
एएसपी नगर अरुण कुमार सिंह ने बताया कि मामला बेहद गंभीर है और युवती की शिकायत पर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस होटल के रिकॉर्ड और आधार कार्ड की सत्यता की जांच कर रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
