109 किलो गांजा बरामदगी मामला:: 5 हजार की इनामी महिला गिरफ्तार, पति अब भी फरार

Update: 2026-02-21 14:46 GMT

 भीलवाड़ा। मांडलगढ़ थाना पुलिस ने बदायूं का झोपड़ा क्षेत्र में एक मकान से भारी मात्रा में अवैध गांजा बरामद होने के मामले में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने इस मामले में वांछित 5 हजार रुपये की इनामी महिला को गिरफ्तार किया है। इस प्रकरण में यह दूसरी गिरफ्तारी है।

मांडलगढ़ थाना प्रभारी घनश्याम सिंह मीणा ने बताया कि 8 मार्च 2025 को तत्कालीन थाना प्रभारी व प्रोबेशनर आईपीएस जतिन जैन ने मुखबिर की सूचना पर एक मकान पर दबिश दी थी। तलाशी के दौरान वहां कट्टों में भरा 109 किलो 86 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ था। पुलिस ने मौके से चंपालाल ओड को गिरफ्तार किया था।

पूछताछ में चंपालाल ने खुलासा किया था कि यह गांजा शिवलाल उर्फ सेवालाल ओड और उसकी पत्नी लीला का है, जिसे घर पर सुरक्षित रखने के बदले उसे रुपयों का लालच दिया गया था। तभी से यह दंपती फरार चल रहा था। पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र यादव ने दोनों पर 5-5 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। पुलिस ने शनिवार को मुखबिर की सूचना पर गुप्तेश्वर महादेव क्षेत्र से आरोपित महिला लीला पत्नी शिवलाल को गिरफ्तार कर लिया। मामले का मुख्य आरोपित शिवलाल अब भी पुलिस की पकड़ से दूर है, जिसकी तलाश सरगर्मी से की जा रही है।

Similar News