भीलवाड़ा। जिले के बड़लियास थाना क्षेत्र में अवैध बजरी खनन के खिलाफ पुलिस ने एक बार फिर सख्त रुख अपनाया है। मंगलवार सुबह पुलिस टीम ने घेराबंदी कर बनास नदी क्षेत्र से अवैध बजरी से भरा एक ट्रेलर और खनन में प्रयुक्त एक जेसीबी मशीन को जब्त किया है।
डीएसटी टीम की सूचना पर हुई कार्रवाई
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह के आदेश से अवैध बजरी खनन और परिवहन के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है । इसी के तहत हेड कांस्टेबल बजरंग लाल के नेतृत्व में पुलिस टीम गश्त पर थी। इसी दौरान भीलवाड़ा की डिस्ट्रिक्ट स्पेशल टीम से मोबाइल के जरिए सूचना मिली कि गेता पारोली के पास बनास नदी में अवैध रूप से बजरी का खनन और लदान किया जा रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुँची, जहाँ ट्रेलर में जेसीबी की मदद से बजरी भरी जा रही थी।
चालक गिरफ्तार, एक फरार
पुलिस को देखकर ट्रेलर चालक मौके से फरार होने में कामयाब रहा, लेकिन जेसीबी चालक मुकेश पिता हीरा भील निवासी जबरकिया, थाना आसींद को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।
जब पुलिस ने वाहन चालकों से बजरी परिवहन के संबंध में ई-रवाना या वैध पास की मांग की, तो वे कोई भी दस्तावेज पेश नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर थाने खड़ा करवाया।
