मदिना कॉलोनी में दहशत:: अज्ञात व्यक्ति ने रात के अंधेरे में घरों के बाहर रखे बिना एक्सपायरी वाले प्रोटीन बार और पीनट बटर के डिब्बे

Update: 2026-03-23 13:03 GMT

 भीलवाड़ा (हलचल)। शहर के भीमगंज थाना क्षेत्र स्थित मदीना कॉलोनी और आसपास के इलाकों में सोमवार सुबह उस समय हडक़ंप मच गया, जब कई घरों के बाहर संदिग्ध खाने-पीने के सामान के डिब्बे पड़े मिले। बिना किसी लेबल और एक्सपायरी डेट वाले इन डिब्बों को लेकर स्थानीय निवासियों में भारी डर और असुरक्षा का माहौल व्याप्त है।

Full View


 सीसीटीवी में कैद हुई संदिग्ध की हरकत

मदीना कॉलोनी निवासी सकलाल और अन्य मोहल्लेवासियों ने भीमगंज थाना प्रभारी को दी गई रिपोर्ट में बताया कि सोमवार बड़े तडक़े करीब 2.46 बजे जब पूरा मोहल्ला सो रहा था, तब एक अज्ञात व्यक्ति ने उनके घरों के बाहर थैलियां रखीं। सुबह जागने पर जब लोगों ने इन थैलियों को चेक किया, तो उनमें प्रोटीन बार और पीनट बटर के डिब्बे मिले। जब मोहल्ले के सीसीटीवी कैमरे चेक किए गए, तो उसमें एक अज्ञात संदिग्ध व्यक्ति इन डिब्बों को रखते हुए साफ दिखाई दिया।

अज्ञात साजिश की आशंका, पुलिस से कार्रवाई की मांग

कॉलोनी के बाशिंदों का कहना है कि इन डिब्बों पर किसी भी प्रकार की मैन्युफैक्चरिंग या एक्सपायरी डेट दर्ज नहीं है। शक जताया जा रहा है कि इन डिब्बों में कोई नशीला पदार्थ या जहरीली वस्तु हो सकती है। पीडि़त सकलाल, सद्दाम सौरगर, साजिद खान और अन्य लोगों ने पुलिस को दी गई रिपोर्ट में मांग की है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उस अज्ञात व्यक्ति की पहचान की जाए और उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।

मोहल्ले में पसरा डर

इस घटना के बाद मदीना कॉलोनी के निवासियों में दहशत का माहौल है। लोगों का मानना है कि यह किसी बड़ी साजिश का हिस्सा हो सकता है या फिर बच्चों को निशाना बनाने की कोशिश हो सकती है। भीमगंज पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

Similar News

डीएसटी और पुर पुलिस की कार्रवाई: 2 पिस्टल और 4 जिंदा कारतूस के साथ युवक गिरफ्तार

नशे के खिलाफ राजस्थान पुलिस का 'ऑपरेशन क्लीन':: जयपुर में एएनटीएफ थाने और दो नई चौकियों का भव्य उद्घाटन

अवैध खनन पर डीएसटी की कार्रवाई,: कंवलियास माफी में 2 जेसीबी और 5 ट्रैक्टर जब्त