स्कूल में दुस्साहसिक वारदात: ऑफिस में घुसकर प्रिंसिपल को मारी गोली

Update: 2026-04-02 12:56 GMT

 लखनऊ | उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के रहीमाबाद इलाके में गुरुवार दोपहर एक रूहानी वारदात ने सनसनी फैला दी। जुगराजगंज स्थित प्रभावती पीवी शिक्षण संस्थान में एक सिरफिरे युवक ने स्कूल के अंदर घुसकर प्रिंसिपल अनिल कुमार सिंह पर जानलेवा हमला कर दिया। फायरिंग की आवाज से स्कूल परिसर में चीख-पुकार मच गई और करीब 150 बच्चे दहशत में बाहर की ओर भागे।

ऑफिस में घुसकर दागी गोली

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोपहर करीब 12 बजे जुगराजगंज निवासी विजय पाल अपनी वैगनआर कार से स्कूल पहुंचा। वह हाथ में असलहा लहराते हुए सीधे प्रिंसिपल के ऑफिस में दाखिल हुआ। हमलावर को देख प्रिंसिपल अनिल सिंह जान बचाने के लिए अलमारी के पीछे छिप गए। विजय पाल द्वारा चलाई गई गोली पहले स्टील की अलमारी से टकराई और फिर सीधे प्रिंसिपल के पेट में जा धंसी।

स्टाफ से भिड़कर आरोपी हुआ फरार

गोली चलने की आवाज सुनते ही शिक्षक जगदीश कुमार, रमेश कुमार, अमित कुमार और अन्य स्टाफ दफ्तर की ओर दौड़े। उन्होंने हमलावर विजय पाल को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन वह खुद को छुड़ाकर और जान से मारने की धमकी देते हुए अपनी कार से फरार हो गया। गंभीर रूप से घायल प्रिंसिपल को तुरंत सीएचसी मलिहाबाद ले जाया गया, जहाँ से डॉक्टरों ने उन्हें लखनऊ के ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया है।

पुलिस की तीन टीमें कर रही हैं तलाश

रहीमाबाद पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। इंस्पेक्टर अरुण कुमार त्रिगुनायक ने बताया कि आरोपी की तलाश में तीन पुलिस टीमें गठित की गई हैं। सीसीटीवी फुटेज और कार के भागने के रूट के आधार पर दबिश दी जा रही है। पुलिस मुख्य रूप से आपसी विवाद और पैसों के लेन-देन के पहलुओं पर गहनता से जांच कर रही है।

Similar News