जमीन विवाद में युवक की गोली मारकर हत्या, गांव में पसरा सन्नाटा
भरतपुर .सीकरी कस्बे के निकटवर्ती गांव घमूड़की में जमीन विवाद को लेकर हुए खूनी संघर्ष में एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस दुस्साहसिक वारदात से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को संभाला।
कहासुनी के बाद डंडों और बंदूक से हमला
घटना के संबंध में मृतक के भाई जगजीत सिंह उर्फ छीतु ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिपोर्ट के अनुसार, वारदात के समय वह अपने घर में स्थित दुकान पर था, तभी गांव के ही सुखबीर सिंह, जसबीर सिंह, राजेन्द्र सिंह, जसवंत सिंह, हरवंश सिंह, मुख्त्यार सिंह और राजसिंह एकराय होकर डंडों और बंदूक के साथ वहां पहुंचे। आरोपियों ने घर के बाहर गाली-गलौज शुरू कर दी। जब मृतक जगतार सिंह ने उन्हें मना किया, तो विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने अंधाधुंध फायरिंग कर दी, जिससे जगतार की मौके पर ही मौत हो गई।
अस्पताल में घोषित किया मृत
थानाधिकारी मुकेश कुमार ने बताया कि फायरिंग की सूचना पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घायल युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को मोर्चरी में रखवाया गया। गुरुवार सुबह मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कर शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया है।
आरोपियों की तलाश में दबिश
पुलिस ने जगजीत सिंह की तहरीर पर नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस की अलग-अलग टीमें आरोपियों के संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। गांव में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है।