जहाजपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई-: कपड़ों और पाट्र्स की आड़ में तस्करी की जा रही 39 पेटी विदेशी शराब जब्त, हरियाणा के दो तस्कर गिरफ्तार

Update: 2026-04-02 09:30 GMT

 भीलवाड़ा बीएचएन। जहाजपुर थाना पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ट्रक कंटेनर से महंगी विदेशी शराब की 39 पेटी बरामद की है। तस्करों ने पुलिस को चकमा देने के लिए कंटेनर में कपड़ों की गांठें, गैस चूल्हे और मशीनरी पाट्र्स भर रखे थे, लेकिन खाकी की पैनी नजरों से बच नहीं पाए। पुलिस ने चालक सहित दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। दोनों से अब तक की पूछताछ में सामने आया कि ये आरोपित यह शराब हरियाणा से गुजरात ले जा रहे थे।

चावण्डिया चौराहे पर घेराबंदी, कंटेनर से खुला राज

उपनिरीक्षक देवराज सिंह ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुराडिया टॉल की तरफ से एक कंटेनर अवैध शराब लेकर जहाजपुर की ओर आ रहा है। इस पर सब इंस्पेक्टर देवराज सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने चावण्डिया चौराहे पर नाकाबंदी की। शाम करीब 05.25 बजे जब ट्रक कंटेनर को रुकवाकर चालक और खलासी से पूछताछ की गई, तो उन्होंने गाड़ी में कपड़े और पाट्र्स होने का दावा किया। पुलिस टीम ने संदेह होने पर ट्रक को थाने ले जाकर सघन तलाशी ली। ट्रक के अंदर गैस चूल्हे, रेडीमेड कपड़े और इलेक्ट्रॉनिक सामान के नीचे बड़ी चालाकी से शराब के कार्टन छिपाए गए थे।

39 कार्टन में मिली 468 महंगी विदेशी बोतलें

तलाशी के दौरान पुलिस को अंतरराष्ट्रीय ब्रांड्स की महंगी शराब बरामद हुई। बरामद शराब में जेमसन आइरिश व्हिस्की: 3 कार्टन (36 बोतलें),100 पाइपर्स: 5 कार्टन (60 बोतलें) - हरियाणा सेल,ब्लैक एंड व्हाइट: 6 कार्टन (72 बोतलें), कटी सार्क ब्लेंडेड स्कॉच व्हिस्की: 2 कार्टन (24 बोतलें),बैलेंटाइन ब्लेंडेड स्कॉच व्हिस्की: 1 कार्टन (12 बोतलें),रेड लेबल ब्लेंडेड स्कॉच व्हिस्की: 3 कार्टन (36 बोतलें),डीवार्स व्हाइट लेबल: 2 कार्टन (24 बोतलें),ब्लेंडेड स्कॉच: 2 कार्टन (24 बोतलें),बुशमिल्स आइरिश व्हिस्की: 3 कार्टन (36 बोतलें),बो हो व्हिस्की: 7 कार्टन (84 बोतलें),फेमस ग्राउस: 2 कार्टन (24 बोतलें), रेयर जे एंड बी ब्लेंडेड स्कॉच व्हिस्की: 3 कार्टन (36 बोतलें) शामिल हैं।

हरियाणा के दो तस्कर गिरफ्तार

पुलिस ने मौके से ट्रक चालक जाकिर हुसैन पुत्र इलियास पठान निवासी रायपुर कोटड़ा, पुलिस थाना सोहना, जिला गुडगांव और खलासी मुस्ताक पुत्र आमिन पठान निवासी गंगोराका, पुलिस थाना हथीन, जिला पलवल, हरियाणा को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास शराब परिवहन का कोई लाइसेंस या परमिट नहीं था। पुलिस ने आबकारी अधिनियम की धारा 19/54 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि शराब की यह बड़ी खेप कहां सप्लाई होनी थी।

Similar News